📰 पूरी खबर:
सिंगोली (निरंजन शर्मा). जिले में Acme सोलर पावर प्रोजेक्ट के प्लांट गेट पर आज सुबह से आस-पास के गांव आगरा, खरनाई और राजपुरा के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी उनकी निजी जमीनों पर जबरन सोलर प्लांट लगा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में वे पहले ही चित्तौड़गढ़ कलेक्टर को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला।
कुछ ग्रामीणों का कहना है - _"हम पहले ही चंबल के डूब क्षेत्र से विस्थापित हो चुके हैं। अगर अब यहां से भी हमारी जमीन छीन ली जाएगी तो हम कहां जाएंगे?"_
बारिश के बीच भी ग्रामीण बड़ी संख्या में कंपनी गेट पर डटे रहे। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। समाचार लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है और न ही प्रशासन का कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा है।