📰 पूरी खबर:
.
उदयपुर। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जिलेभर में अलसुबह एक साथ रेड व एरिया डोमिनेशन का महाअभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 108 पुलिस टीमों के 610 जवानों ने 572 ठिकानों पर दबिश देकर 156 अपराधियों को गिरफ्तार किया तथा 180 पावर बाइक जब्त की।
पुलिस ने NDPS एक्ट, आर्म्स एक्ट, हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर अपराधी, वारंटी, पूर्व में चालानशुदा अपराधियों और बॉडी ऑफेंस से जुड़े बदमाशों के ठिकानों पर जांच व पूछताछ की। 2 हार्डकोर और 82 हिस्ट्रीशीटरों के घर भी दबिश देकर उनकी वर्तमान गतिविधियों व संपत्ति संबंधी जानकारी जुटाई गई।
इसके साथ ही संदिग्ध, बिना नंबर और अवैध वाहनों की सघन चेकिंग की गई। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश औझा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई के सुपरविजन में की गई।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि अपराधियों, तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।