📰 पूरी खबर:
*नीमच।* स्थानीय श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज सद्भावना दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा समस्त स्टाफ एवं छात्राओं को सद्भावना दिवस की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा सभी के साथ प्रेम, सौहार्द एवं समानता का व्यवहार करने की शपथ ली।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रतिभा कालानी, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की कार्यक्रम अधिकारी प्रो. निशा जटिया,समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी, बड़ी संख्या में एनएसएस की स्वयंसेवक छात्राएं एवं महाविद्यालय की अन्य छात्राएं उपस्थित थीं ।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सद्भाव, सामाजिक समरसता एवं भाईचारे की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम का सफल आयोजन NSS इकाई के मार्गदर्शन एवं सहयोग से किया गया।