📰 पूरी खबर:

रतनगढ़ में तिरंगा रैली, ऐतिहासिक किले पर लहराया राष्ट्रीय ध्वज

एसडीएम जावद श्री संजीव कुमार साहू के निर्देशन में रतनगढ़ में भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा रैली आयोजित की गई। बड़ी संख्या में नागरिकों ने तिरंगा हाथ में लेकर रैली में सहभागिता की। नगर परिषद रतनगढ़ द्वारा ऐतिहासिक किले पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। ऐतिहासिक धरोहर पर शान से लहराता तिरंगा राष्ट्र के गौरव, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक बना।कुकड़ेश्वर में नगर परिषद द्वारा विशाल तिरंगा रैली आयोजित की गई। मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू सहित नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला महेंद्र पटवा, उपाध्यक्ष श्रीमती सोनाली उज्जवल पटवा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री धर्मराज यादव, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में नागरिक रैली में शामिल हुए। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से प्रारंभ हुई रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों और नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर स्वच्छता एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता का संकल्प भी दिलाया गया।

तिरंगा बना राष्ट्रीय एकता और गौरव का प्रतीक

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित तिरंगा रैलियों में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिली। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अमले, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने एक साथ कदम से कदम मिलाकर यह संदेश दिया कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और सामूहिक राष्ट्रभावना का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से जिले में नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और सशक्त करने का संदेश दिया गया। रैलियों में उत्साहपूर्वक शामिल नागरिकों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा तिरंगे की आन, बान और शान को सदैव ऊंचा रखने का संकल्प लिया।