📰 पूरी खबर:
नीमच। मालवा की प्रसिद्ध आस्था स्थली मां भादवा रानी के पावन दरबार में मध्य प्रदेश शिक्षक संघ की महत्वपूर्ण प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक का आयोजन 22 एवं 23 अगस्त 2026 को किया जा रहा है। बैठक भादवा माता स्थित पाटीदार समाज धर्मशाला, नीमच में आयोजित होगी।
जिला अध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा ने बताया है कि इस महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक में राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री महेंद्र जी कपूर साहब, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह जी राठौर साहब एवं प्रांतीय महामंत्री श्री राकेश जी गुप्ता साहब मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इनके साथ प्रांतीय पदाधिकारी, प्रांतीय प्रकोष्ठ/आयाम प्रमुख, संभागीय एवं जिला अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, संगठन मंत्री तथा महिला पदाधिकारी सहित प्रदेशभर के शिक्षक संघ के पदाधिकारी सहभागी होंगे।
बैठक का शुभारंभ 22 अगस्त शनिवार को शाम 6 बजे अपेक्षित प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों के आगमन के साथ होगा। 23 अगस्त रविवार को प्रातः 8 बजे से प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक एवं विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में पूर्व में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी बैठकों के कार्यों एवं निर्णयों की समीक्षा, वित्तीय वर्ष 2025-26 की आय-व्यय एवं ऑडिट रिपोर्ट, वार्षिक सदस्यता 2026 की समीक्षा, संगठनात्मक गतिविधियों, गुरु वंदन एवं गुरु पूजन कार्यक्रम तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके साथ ही सेवा पर्वत शिक्षक सम्मान समारोह तथा संत रविदास जी के 650वें प्राकट्य वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। संत शिरोमणि सद्गुरु श्री रविदास जी के जीवन एवं संदेश पर केंद्रित पुस्तक वितरण के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
प्रांतीय बैठक में शैक्षिक एवं संगठनात्मक समस्याओं पर चर्चा और समाधान, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा प्रदेशभर में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सभी अपेक्षित सदस्यों से समय पर उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने का आग्रह किया है। मां भादवा रानी की पावन भूमि पर आयोजित यह प्रांतीय बैठक संगठन की आगामी दिशा एवं कार्ययोजना के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।