📰 पूरी खबर:
नीमच। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर समय-सीमा में तत्परतापूर्वक कार्रवाई करते हुए आवेदकों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम दुरगपुरा की बदामीबाई ने भूमि का कब्जा दिलाने, नयागांव के ग्रामीणों ने भू-स्वामित्व पट्टा जारी करने, मोरवन की यशोदाबाई ने गैस कनेक्शन में नाम संशोधन, पिपल्यारावजी के कुशल नागदा ने फसल बीमा की राशि दिलाने तथा टीचर कॉलोनी नीमच के शिवप्रकाश ने मकान का आधिपत्य दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
इसी प्रकार बघाना के मुन्नालाल ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नीमच की नजमुनिशा एवं मनासा खुर्द के बनेसिंह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, पिपलियावास के भूरालाल ने खेत पर आने-जाने का रास्ता उपलब्ध कराने तथा बघाना की रजिया सुल्तान ने शासकीय पट्टे से अवैध कब्जा हटवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
दुरदसी के ग्रामीणों ने सर्वे नंबर 967/1 से अतिक्रमण हटाने, डुंगरिया की फोरीबाई ने कृषि भूमि का नक्शा तरमीम एवं सीमांकन कराने तथा मालखेड़ा की गीताबाई ने पैतृक भूमि का कब्जा दिलाने संबंधी आवेदन दिया। इसके अलावा रावणरूंडी की लीलाबाई, बामनिया के गजेन्द्र नायक, हनुमंतिया के मोहनलाल, अरनिया कुमार के मुकेशदास, रूपपुरा के मदनलाल, बोरखेड़ी की संजुला अग्रवाल, ग्वालटोली की मंजुदेवी, मेलकी मेवाड़ के मोहनसिंह, कंजार्डा के मोहनलाल, बोरखेड़ी के अजय, बघाना के जगदीशचंद्र, जीरन के पूनमचंद, लासूर के प्रकाश दायमा, कुचड़ौद के सुखलाल एवं ग्वालटोली के समीर कुमार सहित अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण करने तथा की गई कार्रवाई से आवेदकों को अवगत कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव , अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे, सुश्री श्रुति भयडिया,अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्री अरविंद डामोर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।