📰 पूरी खबर:
नीमच.भारतीय डाक विभाग द्वारा फिलैटली छात्रवृत्ति योजना “दीन दयाल स्पर्श योजना” वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कक्षा 6वीं से 9वीं तक के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत प्रत्येक कक्षा से 10-10 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को एक वर्ष के लिए 6 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
पात्रता- योजना के लिए आवेदक का संबंधित विद्यालय में संचालित फिलैटली क्लब का सदस्य होना आवश्यक है। जिन विद्यालयों में फिलैटली क्लब संचालित नहीं है, वहां के विद्यार्थी/प्रतियोगी का किसी भी डाकघर में सक्रिय फिलैटली जमा खाता होना अनिवार्य है। बिना फिलैटली जमा खाते के प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
छात्रवृत्ति मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 6वीं से 9वीं तक के नियमित विद्यार्थियों को वार्षिक आधार पर प्रदान की जाएगी। आवेदक का पिछली परीक्षा में 60 प्रतिशत या समकक्ष ग्रेड से अधिक परिणाम होना आवश्यक है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को पात्रता में 5 प्रतिशत अतिरिक्त छूट प्रदान की जाएगी।
चयन प्रक्रिया- विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया दो स्तरों में होगी।
प्रथम स्तर—लिखित क्विज परीक्षा:लिखित क्विज परीक्षा 30 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में 50 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और परीक्षा की अवधि एक घंटे की होगी। प्रश्न समसामयिकी, इतिहास, भूगोल, विज्ञान तथा खेल/संस्कृति से 5-5, स्थानीय फिलैटली से 10 तथा राष्ट्रीय फिलैटली से संबंधित 15 प्रश्न होंगे। परीक्षा का स्थान एवं समय प्रवेश-पत्र के माध्यम से सूचित किया जाएगा। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए कोई यात्रा व्यय देय नहीं होगा।
द्वितीय स्तर—फिलैटली प्रोजेक्ट:लिखित क्विज में चयनित विद्यार्थियों को द्वितीय स्तर में भाग लेने के लिए फिलैटली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करना होगा। प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 निर्धारित है। प्रोजेक्ट के विषयों की जानकारी पृथक रूप से दी जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया- दीन दयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना के आवेदन पत्र नजदीकी डाकघर में उपलब्ध होंगे। निर्धारित प्रारूप में पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र 22 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे तक अथवा उससे पहले अधीक्षक डाकघर, मंदसौर के कार्यालय के पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा।
आवेदन पत्र के लिफाफे पर स्पष्ट रूप से “दीन दयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27” अंकित करना अनिवार्य है। निर्धारित अंतिम तिथि एवं समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी भारतीय डाक विभाग की वेबसाइट "www.indiapost.gov.in" (https://reference-url-citation.invalid/0) अथवा अधीक्षक डाकघर, मंदसौर के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।