📰 पूरी खबर:

 

प्रतियोगिता सभी आयु वर्ग के नागरिकों के लिए आयोजित की जा रही है। इसमें 18 वर्ष तक तथा 18 वर्ष से अधिक आयु की दो श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। दोनों श्रेणियों में अंतर्देशीय पत्र (अधिकतम 500 शब्द) एवं लिफाफा (अधिकतम 1000 शब्द) की दो उपश्रेणियां रखी गई हैं।प्रतियोगिता में प्रतिभागी द्वारा हस्तलिखित पत्र हिंदी, अंग्रेजी अथवा किसी भी स्थानीय (Vernacular) भाषा में लिखा जा सकता है। पत्र अधीक्षक डाकघर, मंदसौर संभाग, मंदसौर-458001 के कार्यालय के पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से अथवा व्यक्तिगत रूप से भेजा जा सकता है। पत्र के साथ प्रतिभागी को अपनी आयु के संबंध में स्वहस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र देना होगा, जिसमें यह उल्लेख करना होगा कि दिनांक 01.01.2026 को मेरी आयु 18 वर्ष से कम/अधिक है।

मध्यप्रदेश परिमंडल स्तर पर पुरस्कार

मध्यप्रदेश परिमंडल से प्रत्येक उपश्रेणी में सर्वश्रेष्ठ तीन पत्रों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को क्रमशः 25,000 रुपये, 10,000 रुपये एवं 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। चयनित पत्रों को अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए महानिदेशालय, नई दिल्ली भेजा जाएगा।

अखिल भारतीय स्तर पर भी मिलेंगे पुरस्कार

महानिदेशालय द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर प्रत्येक उपश्रेणी में चयनित सर्वश्रेष्ठ तीन पत्रों को क्रमशः 50,000 रुपये, 25,000 रुपये एवं 10,000 रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।

      पत्र पोस्ट करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद पोस्ट किए गए पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। परिमंडल स्तर पर चयनित प्रतिभागियों का परिणाम 15 दिसंबर 2026 को घोषित किया जाएगा।

      मध्यप्रदेश परिमंडल के प्रमुख एवं मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, मध्यप्रदेश परिमंडल, भोपाल माननीय श्री विनीत माथुर ने मध्यप्रदेश के सभी नागरिकों से “अखिल भारतीय ढाई आखर पत्र लेखन अभियान” से जुड़ने और अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में सहभागिता करने की अपील की है।