📰 पूरी खबर:
चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर थाना पुलिस द्वारा सोमवार को मेवाड़ यूनिवर्सिटी कैंपस, गंगरार एवं जिंक कौशल केंद्र, हिंदुस्तान जिंक में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर थाना प्रभारी डीवाईएसपी श्री रविंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस निरीक्षक श्री सुमन कुमार द्वारा विद्यार्थियों, फैकल्टी सदस्यों एवं उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध, फर्जी निवेश योजनाओं, साइबर ब्लैकमेलिंग एवं डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से सावधान रहने के संबंध में जागरूक किया। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक विवरण, पासवर्ड अथवा अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करने की अपील की गई।
साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कांस्टेबल दुर्गा द्वारा महिलाओं एवं छात्राओं को आत्मरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियों एवं आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना करने के लिए जागरूक किया। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मेवाड़ यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. डॉ. आलोक मिश्रा, डीन एकेडमिक्स प्रो. डॉ. दीपक व्यास, डीन ह्यूमैनिटीज डॉ. फरीन खान, मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष श्री राजेश भट्ट, विधि अध्ययन विभागाध्यक्ष श्रीमती गीतांजलि शर्मा एवं OSD श्री एच. विधानी सहित लगभग 400 विद्यार्थी एवं लॉ विभाग के अन्य फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
पुलिस द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों से साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।