📰 पूरी खबर:

उदयपुर.राणा प्रताप नगर स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) को चौड़ा करने का काम गत दिनों पुनः शुरू हुआ। इसके तहत शुक्रवार को इस पर क्रेन से गर्डर डाले गए। जल्द ही ब्रिज पर आरसीसी का काम होगा। स्टेशन पर मौजूद 4 मीटर के एफओबी को चौड़ा करके 12 मीटर किया जाना है। इसके तहत करीब ढाई साल पूर्व इस ब्रिज का काम शुरू किया गया, लेकिन अधूरे काम को बीच में ही छोड़कर ठेका फर्म गायब हो गई। ऐसे में यह काम सवा साल तक बंद रहा। गत दिनों एफओबी को यात्रियों के लिए बंद करके इसका काम पुनः शुरू किया गया। इसके बाद पुराने एफओबी के समानांतर पिलर खड़े किए गए और इन पर शुक्रवार को क्रेन की मदद से गर्डर डाले गए। पांच गर्डर डालने का काम देर रात तक हुआ। इस दौरान ट्रेनों के आवागमन प्रभावित न हो इसका भी ध्यान रखा गया।