📰 पूरी खबर:

 

मनासा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मनासा विकासखण्ड के ग्राम खेड़ा वाराह जी स्थित प्रसिद्ध वराह मंदिर घाट पर "सेवा ही मेरा योगदान" के तहत श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद की नवांकुर, प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों एवं सीएमसीएलडीपी छात्राओं ने नदी के घाटों की सफाई कर कचरा, पॉलीथिन एवं अनुपयोगी सामग्री हटाई। इस दौरान नदी में विसर्जित गणेश जी की पीओपी से बनी मूर्तियां जो बहकर घाट पर आ गई थीं तथा कुछ मूर्तियां जो श्रद्धालु घाट पर ही छोड़ गए थे, उन्हें सम्मानपूर्वक निकालकर उचित स्थान पर रखा गया। विकासखण्ड समन्वयक महेन्द्र पाल सिंह भाटी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी से जल संरचनाओं, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और संरक्षित करना है। नदी हमारी संस्कृति और जीवन का आधार है, इसकी स्वच्छता हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नदी में पीओपी की मूर्तियां विसर्जित न करें और घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें। श्रमदान से न केवल पर्यावरण संरक्षण होता है बल्कि समाज में सेवा भाव भी जागृत होता है। इस अवसर पर नवांकुर संस्था के पदाधिकारी, प्रस्फुटन समिति के सदस्य, सीएमसीएलडीपी स्टूडेंट्स रजनी सोलंकी, प्रियांशी सोलंकी, अंतिमबाला मालवीय, माया शर्मा, यशोदा रेंगर, परामर्शदाता कुसुम चौहान सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।