📰 पूरी खबर:
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच में हुआ शुभारंभ
नीमच । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस,स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच के रुसा भवन में आज प्रातः 11:30 बजे उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्य प्रदेश पुलिस की एक अनूठी और संयुक्त पहल के अंतर्गत दो दिवसीय कार्यशाला "जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद" का भव्य शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नीमच जिले के पुलिस अधीक्षक श्रीमान राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल, महिला सेल उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती पार्वती गौड एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा द्वारा की गई। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला के कार्यक्रम समन्वयक एवं NCC प्रभारी प्रो. देवी सिंह राठौर , द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य के बारे में बताया, वहीं मंच का कुशल संचालन डॉ. संजय जोशी, वरिष्ठ प्राध्यापक समाजशास्त्र विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन के विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी, महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण सहित 200 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने अपने स्वागत उद्बोधन से सभी अतिथियों और विद्यार्थियों का अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने युवाओं को जीवन में निरंतर सीखने के प्रति प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए स्मार्टफोन से उचित दूरी बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मोबाइल स्क्रीन से दूर रहकर संवाद करने तथा प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेलकूद व शारीरिक गतिविधियों को देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, हेमलता अग्रवाल मैडम ने कहा कि महिलाओं को अपने साथ होने वाले अपराधों के प्रति सचेत रहना चाहिए इस हेतु बिना किसी भय और संकोच के अपने घर वालों से, रिश्तेदारों या अपने मित्रों को अवगत कराना चाहिए ताकि भविष्य में होने वाली किसी दुर्घटना से बच सके।
महाविद्यालय की राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर पूजा शर्मा ने युवाओं को नागरिक कर्तव्यों ओर संविधान में उल्लेखित राष्ट्रीय, सामाजिक एवं सांस्कृतिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया।
महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ एम. के. डबकरा, डॉ. प्रभावती भावसार, डॉ. आर. के. गुजेटिया, डॉ. आर. सी. वर्मा, डॉ. सी.पी. पंवार, डॉ आर. सी. जैन ,प्रो रचना राजौरा, प्रो हेमलता रोक्स प्रो निकिता शर्मा और प्रो जितेंद्र परिहार उपस्थित थे
रुसा भवन में आयोजित इस कार्यशाला के पहले दिन विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से सीधे संवाद कर जन सुरक्षा व साइबर अपराधों से बचाव के गुर सीखे। यह दो दिवसीय कार्यशाला कल भी जारी रहेगी। जिसमें थाना भ्रमण, डायल 112, आपदा प्रबंधन, कानून व्यवस्था एवं फील्ड में पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ा अधिकारी संजीव थोरेचा ने आभार व्यक्त किया।