📰 पूरी खबर:
आगर मालवा.मध्यप्रदेश शासन की वरिष्ठ, कर्तव्यनिष्ठ एवं जनोन्मुखी प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती नेहा मीना को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के प्रतिफल स्वरूप देवास जिले के कलेक्टर का दायित्व सौंपा गया है। शासन के प्रति पूर्ण समर्पण, उसूलों पर अडिग रहने वाली कार्यशैली और जनसमस्याओं के प्रति गहरी संवेदनशीलता ने उन्हें प्रदेश में एक कुशल, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासक के रूप में स्थापित किया है।
जनसमस्याओं के निराकरण के लिए सदैव तत्पर
श्रीमती नेहा मीना की कार्यशैली की सबसे बड़ी पहचान है संवेदनशीलता और तत्परता। वे आमजनों की समस्याओं के निराकरण के लिए हमेशा तत्पर रहती हैं। जनसुनवाई से लेकर मैदानी भ्रमण तक, उनका एक ही ध्येय रहता है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुनना, त्वरित संज्ञान लेना और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित कराना उनकी प्रशासनिक प्राथमिकता रही है।
उसूलों पर खरा प्रशासन
श्री मती मीना हमेशा से अपने उसूलों और सिद्धांतों पर खरी उतरती आई हैं। कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और शासन के प्रति समर्पण उनके प्रशासन का मूल मंत्र है। वे नियमों के प्रति दृढ़, किन्तु जनहित के प्रति अत्यंत उदार और संवेदनशील प्रशासक के रूप में जानी जाती हैं।
जनजातीय क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाओं का मिला पुरस्कार
भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी श्रीमती नेहा मीना ने नीमच जिले में अपर कलेक्टर के रूप में अपनी अलग पहचान तो बने ही उन्होंने जनजाति बाहुल्य जिला झाबुआ तथा जबलपुर संभाग के प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सिवनी जिले में पदस्थापना के दौरान प्रशासनिक दक्षता के कई मानदंड स्थापित किए। झाबुआ जैसे आदिवासी अंचल में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका संवर्धन, वनाधिकार तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन में उनके द्वारा किए गए नवाचारों को शासन स्तर पर सराहा गया। सिवनी जिले में भी सुशासन और विकास कार्यों को नई गति प्रदान की। इन्हीं उत्कृष्ट सेवाओं के फलस्वरूप शासन ने उन्हें देवास जैसे महत्वपूर्ण और औद्योगिक रूप से समृद्ध जिले की जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रदेश में बनाई अलग पहचान
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में श्रीमती नेहा मीना मैं अपने पारिवारिक दायित्वों का बखूबी निर्वहन करते हुए अपने शासकीय सेवा दायित्वों का भी पूरी निष्ठा समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए प्रदेश में अपनी एक अलग और विशिष्ट पहचान बनाई है। वे एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील अधिकारी और शासन की मंशा को धरातल पर उतारने वाली कर्मयोगी अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं।
निश्चित ही उनके कुशल नेतृत्व, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनहितैषी दृष्टिकोण से देवास जिला विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा।
जैसा उनके साथ कार्य करने के दौरान महसूस किया अनुभव किया वैसा लिखा।
जगदीश मालवी