📰 पूरी खबर:
नीमच। नई अफीम नीति और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को गांधी भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता चरणजीतसिंह सपरा ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई। वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने नई अफीम नीति को किसान विरोधी बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं ने दोनों मुद्दों पर आंदोलन तेज करने की बात कही।
राष्ट्रीय प्रवक्ता चरणजीतसिंह सपरा ने प्रेसवार्ता में साझा किए गए दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत विभिन्न राज्यों की प्रारूप मतदाता सूचियों से 13.3 करोड़ से अधिक नाम हटाए जाने का मुद्दा गंभीर है। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और प्रक्रिया स्थगित करने की मांग की। सपरा ने कहा कि मतदाता सूचियों में किए गए बड़े बदलावों का विवरण सार्वजनिक होना चाहिए। जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उन्हें इसकी स्पष्ट जानकारी देने के साथ नाम बहाल कराने के लिए प्रभावी अपील का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता का मुद्दा भी उठाया। कांग्रेस ने चुनाव आयुक्तों को कानूनी संरक्षण देने वाले 2023 के कानून की धारा 16 की समीक्षा की मांग भी रखी।
25 नवंबर तक गांवों में चौपाल, 1 नवंबर को दिल्ली में महारैली-
बता दें कि कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी कर रही है। सपरा ने कहा कि 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांवों में चौपाल, घर-घर संपर्क और संगठनात्मक बैठकों के जरिए मतदाता सूचियों की जांच की जाएगी। बूथ स्तर पर ‘वोट रक्षक’ सक्रिय रहकर मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का संकलन और सत्यापन करेंगे। कांग्रेस 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित करेगी। इसमें मताधिकार की रक्षा, मतदाता सूची में पारदर्शिता और चुनाव आयोग की जवाबदेही जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे।
मार्फिन का प्रतिशत बढ़ाया, सीपीएस के पट्टे भी बढ़ाए-
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने नई अफीम नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि नीति किसान हितों के विपरीत है। उनके अनुसार, एक ओर मार्फिन का प्रतिशत बढ़ाया गया है, वहीं दूसरी ओर सीपीएस (CPS) के पट्टों की संख्या भी बढ़ाई गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन बदलावों से अफीम उत्पादक किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखकर नीति पर पुनर्विचार करने की मांग की। बाहेती ने नीमच जिले को जल अभावग्रस्त बताते हुए जिले के तीनों विधायकों पर किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सूखे और जल संकट की स्थिति में किसानों को राहत दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।
मतदाता सूची से नाम हटाने पर भाजपा को घेरा-
जिला कांग्रेस संगठन मंत्री बृजेश मित्तल ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान नीमच जिले में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने योजनाबद्ध तरीके से आम नागरिकों के नाम मतदाता सूचियों से हटवाए हैं। कांग्रेस ने प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रभावित मतदाताओं को नाम दोबारा जुड़वाने का पर्याप्त अवसर देने की मांग की।
प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता चरणजीतसिंह सपरा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, जिला कांग्रेस संगठन मंत्री बृजेश मित्तल, पूर्व विधायक एवं लोकसभा प्रत्याशी दिलीपसिंह गुर्जर आदि भी मौजूद थे। नेताओं ने किसान हितों और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही।
---
वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान बूथ स्तर तक ले जाएगी कांग्रेस
गांधी भवन में संगठन पदाधिकारियों की बैठक, 1 नवंबर को दिल्ली में महारैली, 25-26 नवंबर को ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम की तैयारी
नीमच। मतदाता सूची में पारदर्शिता और पात्र नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को गांव-गांव और बूथ स्तर तक ले जाएगी। सोमवार को कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में राष्ट्रीय प्रवक्ता चरणजीतसिंह सपरा के आतिथ्य में आयोजित बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कार्ययोजना बनाई गई। पदाधिकारियों ने मतदाता सूचियों की जांच, शिकायतों के संकलन और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए चरणजीतसिंह सपरा ने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक समन्वय स्थापित किया जाएगा। 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक गांवों में चौपाल, घर-घर संपर्क और संगठनात्मक बैठकों के माध्यम से मतदाता सूचियों की जांच की जाएगी। मतदाताओं की शिकायतों का संकलन और सत्यापन कर नाम जुड़वाने तथा प्रविष्टियों में सुधार की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
बूथ स्तर पर सक्रिय होंगे ‘वोट रक्षक’-
बता दें कि कांग्रेस अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को ‘वोट रक्षक’ के रूप में सक्रिय करेगी। बूथ स्तर पर मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों का रिकॉर्ड तैयार कर उनका सत्यापन किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रकरणों को संकलित कर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और सूची में त्रुटियों को सुधारने के लिए नियमानुसार कार्रवाई हो सके।
1 नवंबर को दिल्ली में महारैली-
कांग्रेस की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली आयोजित की जाएगी। इसमें मतदाता सूची की पारदर्शिता, पात्र नागरिकों के मताधिकार और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। इसके बाद 25 और 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम की तैयारी है। इसके तहत मध्य प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को 25 नवंबर को ग्वालियर में एकत्रित करने और 26 नवंबर को दिल्ली रवाना करने की योजना बनाई जा रही है।
जिला और विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों ने किया संबोधित-
बैठक को जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व विधायक एवं लोकसभा प्रत्याशी दिलीपसिंह गुर्जर, जावद विधानसभा प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा, मनासा विधानसभा प्रभारी हिमांशु जोशी और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने अभियान को संगठन के माध्यम से जमीनी स्तर तक पहुंचाने और मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए समन्वित प्रयास करने की बात कही।
बैठक में नीमच विधानसभा प्रभारी राजीव देवड़ा, कांग्रेस नेता समंदर पटेल, मधु बंसल, शोमिल नाहटा, मंगेश संघई, अरविंद चौपड़ा, आशा सांभर, जिला कांग्रेस संगठन मंत्री बृजेश मित्तल, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र मोनू लोक्स, ओम दीवान, राकेश जावरिया, बलवंत पाटीदार, विनोदसिंह, श्याम सोनी, शंभू चारण, जसवंतसिंह चंद्रावत और महेंद्रसिंह सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
----