📰 पूरी खबर:
उदयपुर। नगर निगम उदयपुर द्वारा आयोजित विश्वप्रसिद्ध दीपावली मेला 2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को निगम परिसर में विद्युत व्यवस्था समिति की बैठक महापौर पारस सिंघवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान विद्युत आपूर्ति सुचारू बनाए रखने, विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विद्युत व्यवस्था समिति अध्यक्ष विजय आहूजा ने महापौर को विद्युत व्यवस्था से संबंधित कार्यों की प्रगति से अवगत कराया तथा विभिन्न कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए आगामी कार्यवाही के संबंध में निर्देश प्राप्त किए। मेले में प्रतिदिन आने वाले हजारों लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी विद्युत संबंधी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने पर जोर दिया गया। बैठक में इस वर्ष भी शहर के सभी चौराहा एवं प्रमुख पुलिया पर विद्युत सज्जा कर उन्हें दुल्हन की तरह सजाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर विजय आहूजा ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली मेले के दौरान विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। मेले में आने वाले आमजन, दुकानदारों, कलाकारों एवं आयोजन से जुड़े कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी मेले में अंधकार जैसी परिस्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि बिजली गुल होने की स्थिति में तत्काल रोशनी उपलब्ध करवाने के लिए आपातकालीन लाइटों की 12 घंटे उपलब्धता एवं संचालन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही विद्युत व्यवस्था से जुड़े सभी आवश्यक उपकरणों की जांच कर ली जाए तथा किसी भी तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान करने के लिए संबंधित कार्मिकों को मुस्तैद रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान विद्युत व्यवस्था में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।
बैठक में मेले की विद्युत व्यवस्था को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर भी चर्चा की गई।