📰 पूरी खबर:

नीमच.शहर के प्रतिष्ठित एक्सीलेंस कॉलेज स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में 24 सितंबर को पूर्व कार्यक्रम अधिकारियों एवं पूर्व स्वयं सेवकों का सम्मान करते हुए स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। 
   इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रशांत मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में कहा कि एन एस एस और एन सी सी  विद्यार्थियों को सामुदायिक सेवा और राष्ट्र सेवा से जोड़ने वाले दो सबसे बड़े  शासकीय छात्र संगठन हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है। 
  कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रोग्राम आफिसर डॉ संजय जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सामाजिक  जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता, सेवा की भावना विकसित करने वाली भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। शिविरों  और सामुहिक  गतिविधियों में भाग लेने से  छात्रों में टीम वर्क, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित होती है। 
  कार्यक्रम को महाविद्यालय के विज्ञान संकाय अध्यक्ष डॉ एन.के. डबकरा ने भी संबोधित करते हुए कहा कि इसका लाभ विद्यार्थियों को परीक्षा, इंटरव्यू और व्यावसायिक जीवन में भी प्राप्त होता है। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक एवं पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ .जे. सी. आर्य ने कहा कि  रासेयो का स्वयं सेवक बनना गौरव की बात है , यह आपको समाज में पहचान और सम्मान दोनों ही प्रदान करता है । रासेयो विद्यार्थियों में सेवा , विनम्रता , संस्कार और अनुशासन के गुणों को विकसित कर उनके लिए जीवन में उन्नति के मार्ग को खोलता है । कार्यक्रम में अतिथि के रूप में अभाविप के नगर मंत्री  और परिसर अध्यक्ष अमन पांडे भी उपस्थित थे उन्होंने विद्यार्थियों से रासेयो से जुड़कर देश सेवा करने का आव्हान किया।
    कार्यक्रम में पूर्व प्रोग्राम आफिसर डॉ अर्चना पंचोली, डॉ प्रभावती भावसार, डॉ आर सी जैन, डॉ अपर्णा रे, प्रो कमलेश पाटीदार आदि का भी स्वागत सम्मान किया गया।
 कार्यक्रम के प्रारंभ में रासेयो के महाविद्यालय  के कार्यक्रम अधिकारी प्रो राकेश कस्वा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए रासेयो के महत्व और इसकी गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
        रासेयो के पूर्व स्वयं सेवकों ललित आर्य, अर्जुन नागदा एवं यश काठा का भी सम्मान सत्कार किया गया।
  कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुआ जिसमें एन एस एस के स्वयं सेविकाओं ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां देकर आयोजन को भव्यता प्रदान की। पूर्व शिविर नायक ललित आर्य ने रासेयो गीत की मनभावन प्रस्तुति दी। 
     बेस्ट स्वयं सेवक का खिताब दिव्यांशी धाकड़ ने प्राप्त किया।
 स्थापना दिवस के समारोह में प्रो. डॉ राजेन्द्र गुजेटिया, प्रो आर.सी. वर्मा,  डॉ सोनू चौहान,  एन सी सी आफिसर देवीसिंह राठौर,प्रो तनवीर पठान, अतिथि विद्वान पूजा सेन, संजय पंवार आदि उपस्थित थे।
     कार्यक्रम का संचालन देवकला पाटीदार और सुमित धाकड़ ने संयुक्त रूप से किया। आभार स्वयंसेविका दिव्यांशी धाकड़ ने माना।