📰 पूरी खबर:

 
नीमच (निप्र)। ग्राम सावन में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड (सिमेंट कंक्रीट सड़क) के निर्माण की सौगात मिलने पर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया। करीब 1 किमी लंबे सीसी रोड की सौगात मिलने के उपलक्ष्य में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक दिलीप सिंह परिहार का सावन ग्राम में भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। गौरतलब ग्राम सावन के आंतरिक और मुख्य मार्गों को सुदृढ़ करने के लिए सीसी रोड  बन जाने के बाद  अब ग्रामीणों को कीचड़ और खराब रास्तों से हमेशा के लिए मुक्ति मिलेगी। श्री पंचमुखी त्रिकोणिया बालाजी भक्त मंडल, सावन द्वारा सावन से बालाजी मंदिर सीसी रोड निर्माण किए जाने पर ग्रामवासियों में हर्ष और उत्साह का का माहौल रहा। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने विधायक दिलीप सिंह परिहार का बालाजी मंदिर से सावन के प्रमुख मार्ग तक घोड़े पर सवार होकर पूरे गांव में भ्रमण करवाया गया और आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
सावन ग्राम के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक दिलीप सिंह परिहार का फूल-मालाओं, साफा पहनाकर और आतिशबाजी के साथ ज़ोरदार स्वागत किया। 
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नीमच विधानसभा के हर गांव को मुख्य सड़कों और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना उनकी पहली प्राथमिकता है। नीमच क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्यों का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।