📰 पूरी खबर:
उदयपुर.नगर निगम के वार्ड 42 में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से नाराज करीब 60 परिवारों ने इस बार मतदान के पूर्ण बहिष्कार का फैसला किया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि चुनाव के समय दोनों प्रमुख दलों के पदाधिकारी और प्रत्याशी यहां पहुंचते हैं, लेकिन मतदान के बाद दोबारा उनकी समस्याएं सुनने कोई नहीं आता।
कॉलोनीवासियों के मुताबिक क्षेत्र एग्रीकल्चर कॉलोनी होने के कारण सड़क, नाली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से लगातार अनदेखी की जा रही है।
वहीं कॉलोनी के पास बने उद्यान को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक व्यक्ति की कथित मनमानी के चलते बच्चे पार्क में खेल नहीं पाते और लोग वहां घूमने तक नहीं जा पाते।
इन्हीं समस्याओं को लेकर वार्डवासियों में भारी आक्रोश है। कॉलोनीवासियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, वे मतदान नहीं करेंगे।