📰 पूरी खबर:
नीमच । हरियाणा के बहादुरगढ़ में 11 से 13 सितंबर तक होने वाली 22वीं राष्ट्रीय मास्टर्स तैराकी चैंपियनशिप में नीमच के तैराक भी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए पात्र खिलाड़ियों को निर्धारित समय सीमा में पंजीयन कराना होगा।
जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि तैराकी महासंघ भारत की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन चैंपियन एक्वेटिक्स अकादमी, एचएल सिटी, बहादुरगढ़ में किया जाएगा। इसमें न्यूनतम 25 वर्ष आयु वाले तैराक हिस्सा ले सकेंगे। आयु की गणना 31 दिसंबर 2026 के आधार पर होगी। खिलाड़ियों के लिए 25-29, 30-34 सहित अलग-अलग आयु वर्ग बनाए गए हैं, जिनमें 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग भी शामिल है। इसमें अलग-अलग उम्र के खिलाड़ियों को अपनी श्रेणी के प्रतिभागियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले तैराकों के पास मार्च 2027 तक वैध एसएफआई यूआईडी कार्ड होना अनिवार्य है। तैराकों को पंजीयन से पहले अपने कार्ड की वैधता सुनिश्चित करनी होगी।वर्ष 2024, 2025 और 2026 की राष्ट्रीय एक्वेटिक चैंपियनशिप में भाग ले चुके तैराक इस प्रतियोगिता के लिए पात्र नहीं होंगे। प्रत्येक खिलाड़ी अधिकतम चार व्यक्तिगत और दो रिले स्पर्धाओं में भाग ले सकेगा।इसी सीमा के अनुसार खिलाड़ियों को अपनी प्रविष्टियां दर्ज करनी होंगी। सामान्य शुल्क के साथ पंजीयन 1 सितंबर 2026 शाम 6 बजे तक किया जा सकेगा। इसके बाद 5 सितंबर तक दोगुने शुल्क के साथ विलंबित प्रविष्टि स्वीकार की जाएगी। व्यक्तिगत स्पर्धा के लिए 100 रुपए प्रति स्पर्धा तथा रिले टीम के लिए 400 रुपए शुल्क निर्धारित है।
*संघ पदाधिकारियों से मिलेगी जानकारी-*
जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि इच्छुक और पात्र तैराक प्रपत्र सत्यापन, ऑनलाइन पंजीयन कड़ी तथा अन्य जानकारी के लिए जिला तैराकी संघ के पदाधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।