📰 पूरी खबर:
उदयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उदयपुर नगर निगम ऑडिटोरियम से वर्चुअली जुड़े। उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त, अनुशासित और विचारवान बनने का आह्वान करते हुए कहा कि देश के विकास में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा। अभियान में एनएसएस, माय भारत स्वयंसेवक, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और सामाजिक संस्थाएं सक्रिय रूप से भाग लेंगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों और संगठनों को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह पर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश के 350 से अधिक कॉलेजों में नई किरण नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि राज सवेरा कार्यक्रम के तहत जिला अस्पतालों में नशामुक्ति वार्ड विकसित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। अब तक 1.78 लाख से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.32 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है और 70 हजार से अधिक पदों पर नई भर्ती की तैयारी चल रही है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने उदयपुर के राजस्थान कृषि महाविद्यालय से नारी शक्ति रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। इस दौरान 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' यूथ आइकन पोस्टर का भी विमोचन किया गया।