📰 पूरी खबर:
उदयपुर. दूधतलाई वन परिक्षेत्र में शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए वृक्षारोपण और वन संरक्षण को जन आंदोलन बनाना होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि 'मिशन हरियालो राजस्थान' के तहत इस मानसून में 10 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 33 करोड़ रुपये की लागत वाली चंदन वन परियोजना का शुभारंभ करते हुए चंदन का पौधा लगाया। प्रथम चरण में उदयपुर, सिरोही, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में चंदन वन विकसित किए जाएंगे। उन्होंने ड्रोन सीडिंग प्रक्रिया की शुरुआत की तथा 13 जिलों के 600 स्वयं सहायता समूहों को 6 करोड़ रुपये की आजीविका प्रोत्साहन राशि प्रदान की। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने उदयपुर शहर में आमजन से मुलाकात कर उनसे संवाद भी किया।