📰 पूरी खबर:

 

चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 1 किलो 215 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो आरोपी विभिन्न एनडीपीएस प्रकरणों में पैरोल से फरार चल रहे थे, जबकि तीसरे आरोपी के विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट एवं वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गजेन्द्र सिंह जोधा तथा वृत्ताधिकारी बड़ीसादड़ी  हरिशचन्द्र सिंह के सुपरविजन में 30 जुलाई 2026 को थाना इंचार्ज बड़ीसादड़ी उपनिरीक्षक बाबूलाल मय जाप्ता सर्कल गश्त एवं नाकाबंदी पर थे। इस दौरान सरथला तिराहे पर निकुंभ की ओर से आ रही एक मारुति स्विफ्ट कार  को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक कार को सरथला गांव की ओर मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सरकारी वाहन आगे लगाकर कार को रुकवा लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम जोगाराम पुत्र हीराराम कलवानिया,जाति जाट उम्र 32 साल निवासी खार की बेरी, आडेल थाना सदर बाड़मेर, आगे की सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम हीराराम पुत्र सताराम जाणी, जाति जाट उम्र 29 साल निवासी खारिया तला, थाना बाड़मेर ग्रामीण तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम कुम्माराम पुत्र रूपाराम भांबु, जाति जाट उम्र 32 साल निवासी खारिया तला, थाना बाड़मेर ग्रामीण बताया। पुलिस द्वारा नियमानुसार कार की तलाशी लेने पर डिग्गी में बने गुप्त खाने (स्कीम) से 1 किलो 215 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। अवैध अफीम एवं तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया।

*अपराधिक रिकॉर्ड*
01. कुम्भाराम:
अभियुक्त कुम्भाराम पुलिस थाना बाड़मेर ग्रामीण का हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तीन प्रकरण दर्ज हैं। वह पुलिस थाना नागाणा के प्रकरण संख्या 182/2025 धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट एवं 3/25 आर्म्स एक्ट तथा पुलिस थाना पचपदरा के एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में जिला कारागृह बाड़मेर से 27 जून 2026 को पैरोल पर छूटने के बाद से फरार चल रहा था।
02. हीराराम:
अभियुक्त हीराराम के विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस एक्ट एवं आबकारी अधिनियम के कुल चार प्रकरण दर्ज हैं। वह पुलिस थाना रतनगढ़, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) के प्रकरण संख्या 01/2024 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में जिला कारागृह नीमच से पैरोल पर रिहा होने के बाद से फरार था।

03. जोगाराम:
अभियुक्त जोगाराम के विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तीन प्रकरण एवं वाहन चोरी का एक प्रकरण दर्ज है।
       पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से अवैध अफीम की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक बाबूलाल, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश चन्द्र, कांस्टेबल
राकेश कुमार, दिनेश कुमार, प्रेमाराम, श्रवण, बाबूलाल, रामुराम।