📰 पूरी खबर:


भोपाल। निशातपुरा थाना इलाके में पति और पत्नी के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने के लिये पड़ोस में रहने वाले पति-पत्नी को बीच में आकर बोलना महंगा पड़ गया। इस दौरान नशे में धुत आरोपी युवक ने बीचबचाव कर रहे पति-पत्नी पर कटर से जानलेवा हमला कर दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार रतन कॉलोनी में रहने वाला सौरभ सिलावट इलेक्ट्रिशीयन का काम करता है। उसे नशे की लत है, इस कारण उसका अपनी पत्नि से आये दिन विवाद होता रहता था। बताया गया है कि आपसी अनबन के चलते उसकी पत्नी और वह मोहल्ले में ही अलग अलग किराए के कमरों में रहते हैं। गुरूवार रात सौरभ नशे की हालत में पत्नी के पास पहुंचा और किसी बात को लेकर एक बार फिर उससे झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ने पर मोहल्ले में रहने वाले रामबाबू सिलावट और उनकी पत्नी कीर्ति सिलावट अपने घर से निकलकर सौरभ और उसकी पत्नी को समझाइश देने का प्रयास कर झगड़ा शांत कराने का प्रयास करने लगे। उनकी बात पर आरोपी सौरभ गुस्सा हो गया और रामबाबू के साथ ही गाली-गलौज कर दुर्व्यवहार करने लगा। शोर की आवाजे सुनकर रामबाबू का बेटा पंकज सिलावट मौक पर पहुंचा और उसने भी बीच बचाव का प्रयास किया। नशे में धुत सौरभ ने पंकज को भी गालियां देनी शुरु कर दी। इस पर रामबाबू और उनकी पत्नि ने उसका विरोध करते हुए बेटे को गाली न देने की बात कही। इस पर उनके बीच का विवाद बढ़ गया और सौरभ ने कटर से रामबाबू और उनकी पत्नी पर हमला कर घातक वार कर दिया। आरोपी के वार से रामबाबू के हाथ और उनकी पत्नी कीर्ति सिलावट के पेट में गंभीर चोट आई है। दोनो को उपचार के लिये अस्पताल पहुचांया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने सौरभ सिलावट के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।