📰 पूरी खबर:
बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
नीमच। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों तथा यातायात नियमों के पालन की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता बरतने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित रूप से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ब्लैक फिल्म लगे वाहनों तथा ब्लैक फिल्म लगाने वाली दुकानों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आवश्यकतानुसार जब्ती एवं सीलिंग की कार्रवाई भी की जाए।ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित जांच एवं कार्रवाई की जाए। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए।अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों की सघन जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
स्कूली विद्यार्थियों एवं वाहनों की सुरक्षा-
जिला शिक्षा अधिकारी सभी स्कूल प्राचार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारी बाइक लेकर स्कूल नहीं आने के संबंध में समझाइश दिलवाएं।
स्कूलों के बाहर संचालित अवैध खान-पान की दुकानों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सभी स्कूल बसों एवं सार्वजनिक वाहनों की फिटनेस जांच सुनिश्चित करें। निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाए।
शहर की यातायात व्यवस्था एवं अतिक्रमण
बस स्टैंड एवं अन्य निर्धारित स्थानों पर बसों की अवैध और अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई की जाए।
यातायात पुलिस, अनुविभागीय अधिकारी एवं नगर पालिका का संयुक्त दल गठित कर शहर के प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रमुख मार्गों पर व्यवस्थित पार्किंग एवं आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय
- जिले के चिह्नित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का संबंधित विभाग संयुक्त निरीक्षण करें और आवश्यक सुधारात्मक कार्य करवाएं।
- क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराई जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाए जाएं।
- आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, रोड मार्किंग एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
- वर्षाकाल में जलभराव तथा पुल-पुलियों पर पानी के बहाव वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं स्टॉप गेट की व्यवस्था की जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास,अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल,एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।