📰 पूरी खबर:

 

नीमच।लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 30 -31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में श्री सीताराम जाजू शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, नीमच में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
       30 अक्टूबर को एन.सी.सी. विभाग द्वारा एन सी सी कार्यक्रम अधिकारी डॉ हीना हरित द्वारा छात्राओं के लिए राष्ट्रीय एकता विषय पर पोस्टर, निबंध प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।  छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता, विचारों एवं अभिव्यक्ति के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और देशभक्ति का संदेश दिया।
      दिनांक 31 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे 5 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी, मंदसौर के तत्वावधान में नीमच में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिले के 10 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 350 से अधिक छात्र सैनिकों एवं एनसीसी कैडेट्स ने सहभागिता की। यूनिटी मार्च का शुभारंभ श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रतिभा कालानी एवं पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली जाजू महाविद्यालय से प्रारंभ होकर सीआरपीएफ सरदार गेट स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंची, जहां माल्यार्पण कर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ ली गई तथा मानव श्रृंखला बनाकर एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बटालियन के प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अक्षत बक्शी, जिला कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास, अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, एनसीसी अधिकारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
        दोपहर में महाविद्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण में योगदान विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें नित्या प्रथम,  कोमल द्वितीय तथा लतिका तृतीय स्थान पर रही।  महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ प्रतिभा कालानी ने सभी छात्राओं तथा महाविद्यालय स्टॉफ को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिला कर सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। फिल्म के माध्यम से छात्राओं को सरदार पटेल के दृढ़ संकल्प, नेतृत्व क्षमता तथा देश की रियासतों के एकीकरण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव, सहयोग एवं राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक डॉ अविनाश बिहारिया, डॉ हीना हरित, डॉ हीर सिंह राजपूत, एन एस एस अधिकारी प्रो निशा जटिया, डॉ राजेश कुमार डोडिया, डॉ महेंद्र राव, श्रीमती सुमन नागदा आदि का सहयोग रहा।