📰 पूरी खबर:
नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की पीआईसी की बैठक मंगलवार 15 सितंबर को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा की अध्यक्षता में नगर पालिका कार्यालय स्थित नपा अध्यक्ष कक्ष में आहूत की गई. बैठक में उपस्थित पीआईसी सदस्यों ने एजेंडे में शामिल सभी 60 प्रस्ताव को पारित करते हुए करीब 15 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को हरी झंडी दी। 15 करोड़ से अधिक के प्रस्ताव में नगर पालिका के अधिकांश वार्डों के विकास कार्य शामिल है। श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि पीआईसी बैठक में शामिल सभी 60 प्रस्ताव के पास होने से शहर के अधिकांश वार्ड को विकास कार्यों की सौगात मिलेगी एवं वार्डों के शेष रहे विकास कार्य पूर्ण होंगे।
बैठक में पीआईसी सदस्य श्रीमती वंदना खंडेलवाल, श्री दारासिंह यादव, श्रीमती छाया वीरेंद्र जायसवाल, श्री मनोहर मोटवानी,श्री नीरज अहीर एवं श्रीमती कुसुम अशोक जोशी,के साथ ही कार्यालय अधीक्षक श्री कन्हैयालाल शर्मा तथा नगर पालिका के इंजीनियर व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बगीचों का सौंदर्यीकरण, विभिन्न वार्डों में सड़कों का चोड़ीकरण, डामरीकरण, सीसी रोड,नाला निर्माण, शौचालय निर्माण,पेवर ब्लॉक, हाई मास्क, ऑक्टागोनल पोल लगाने, बाउंड्री वॉल सहित अनेक विकास कार्यों एवं नगर पालिका कर्मचारियों से संबंधित प्रस्ताव को रखा गया था जिन्हें उपस्थित पीआईसी सदस्यों ने सर्वसम्मति की मोहर लगाई.
नपाध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने बताया कि पीआईसी की बैठक में नीमच शहर के तीनों क्षेत्र नीमच सिटी,छावनी व बघाना के विभिन्न वार्डों के विकास कार्यों को सदस्यों द्वारा मंजूरी प्रदान की गई है, इन प्रस्ताव के पास होने से जिन वार्डों में विकास कार्य लंबीत थे वह अस्तित्व में आकर संपूर्ण शहर का समग्र विकास होगा।