📰 पूरी खबर:

- आरएसएस के पूर्व अखिल भारतीय सर कार्यवाह भैया जी जोशी मार्गदर्शन देंगे
नीमच। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना के सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संघ की नर्सरी माने जाने वाले नीमच शहर में संघ का बहुउद्देश्यीय विशिष्ट कार्यक्रम 20 अप्रैल सोमवार को टाउन हॉल में आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम के दो चरण होंगे जिनमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व अखिल भारतीय सर कार्यवाह श्री भैया जी जोशी का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त होगा। 
इस आशय की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक श्री अनिल जैन ने बताया, विश्व पटल पर भारत की सुद्रढ़, सशक्त पहचान स्थापित करने की दिशा में संघ की अतुलनीय भूमिका है। हर वर्ग के मन में राष्ट्र प्रथम का भाव जागृत करने के लिए विभिन्न आयामों के माध्यम से सतत गतिविधियां संचालित हो रही है। संघ के शताब्दी वर्ष के निमित्त मालवा के नीमच में बहुआयामी आयोजन 20 अप्रैल को टाउन हॉल में होने जा रहा है। जिसमें आरएसएस के पूर्व अखिल भारतीय सर कार्यवाह श्री भैया जी जोशी समाज की प्रभावी जनशक्ति के बंधु बहनों के साथ राष्ट्रीय और सामाजिक महत्व के विषयों पर संवाद करेंगे एवं मार्गदर्शन देंगे। 
 प्रथम सत्र में दोपहर 12 बजे मातृ शक्ति गोष्ठी होगी और संध्या 4 बजे से सभी वर्ग के प्रमुखजन के साथ गोष्ठी एवं संवाद का कार्यक्रम होगा। इन सत्रों में प्रश्नोत्तर सत्र भी होगा। कार्यक्रम में प्रवेशिकाधारी शामिल हो सकेंगे। 
मध्यप्रदेश के नीमच में होने जा रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की प्रभावी तैयारियां की गई हैं।