📰 पूरी खबर:


कुकड़ेश्वर (प्रकाश एस जैन)। नगर कुकड़ेश्वर में भगवान परशुराम की जयंती बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नगर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
प्रातः 9:00 बजे सारस्वत ब्राह्मण मंदिर से भगवान परशुराम की सुसज्जित प्रतिमा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की गूंज के बीच महिलाएं, पुरुष और युवा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए पूरे नगर में उत्साहपूर्वक आगे बढ़ते रहे।
यह शोभायात्रा ब्राह्मण मोहल्ला, लोहार मोहल्ला, गढ़िया मंदिर, रंगरा चौक, तमोली मोहल्ला, सदर बाजार, मुखर्जी चौक और बस स्टैंड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा भगवान परशुराम का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया तथा आरती एवं पूजा-अर्चना की गई।
शोभायात्रा पुनः ब्राह्मण मंदिर पहुंची, जहां भगवान परशुराम की महाआरती की गई और प्रसादी का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर समाजजनों ने विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम जी के आदर्शों पर चलने, धर्म और न्याय की रक्षा करने तथा समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने का संदेश भी दिया।