📰 पूरी खबर:
नीमच। नीमच विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन किया है। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की प्रदेश प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) में स्थान बनाने वाले छात्र-छात्राओं के घर पहुंचकर विधायक दिलीपसिंह परिहार(भाजपा प्रदेश प्रवक्ता) ने उनका आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। विधायक श्री परिहार को अपने बीच पाकर परिवारजन भावुक हो उठे और उन्हें धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर श्री परिहार ने कहा कि इन होनहार छात्रों की सफलता न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि संपूर्ण नीमच विधानसभा के लिए गर्व का विषय है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के इन विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए एक मिसाल और प्रेरणा बनेगा।
*कु. प्रियांशी राठौर ने प्रदेश में पाया पांचवा स्थान*
ग्राम तेलनखेडी की निवासी और सांदीपनि विद्यालय की छात्रा कु. प्रियांशी राठौर (पिता गणपत राठौर) ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में मध्य प्रदेश की प्रावीण्य सूची में 5वां स्थान प्राप्त किया है। विधायक ने प्रियांशी के निवास पहुंचकर उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान छात्रा के प्रोत्साहन हेतु रू. 11,000 की राशि स्वीकृत की गई।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, दीपक नागदा, सरपंच राजा कैथवास, लोकेश चांगल, और गोटू अजमेरा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*प्रमोद मेघवाल ने कॉमर्स संकाय में हासिल किया 8वां स्थान*
इसी कड़ी में, नीमच के ग्वाल टोली निवासी और उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र प्रमोद मेघवाल (पिता सीताराम मेघवाल) ने कक्षा 12वीं की कॉमर्स बोर्ड परीक्षा में प्रदेश स्तर पर 8वां स्थान प्राप्त किया है। विधायक ने प्रमोद के घर पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें भी रू. 11,000 की सम्मान राशि भेंट करने की स्वीकृति दी। इस अवसर पर प्रदेश कार्य समिति सदस्य हेमंत हरित, लाला सफ़ा, लोकेश चांगल सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।