📰 पूरी खबर:
नीमच। समाज सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रोटरी क्लब नीमच को रतलाम में आयोजित रीजनल अवार्ड समारोह में बड़ी सफलता मिली है। रोटरी क्लब रतलाम सेंट्रल के आतिथ्य में होटल समता सागर में संपन्न हुए दिवाली मिलन एवं सम्मान समारोह में रोटरी क्लब नीमच ने विभिन्न श्रेणियों में सर्वाधिक 17 अवार्ड हासिल कर पूरे रीजन में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वहीं, उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए क्लब अध्यक्ष युजवेंद्र सिंह भाटिया को 'बेस्ट प्रेसिडेंट सिल्वर अवार्ड' से नवाज़ा गया।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संस्कार कोठारी, दीप्ति कोठारी और डिस्ट्रिक्ट टीम 2026-27 के पदाधिकारियों ने क्लब की कार्यप्रणाली और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए यह सम्मान भेंट किए। भव्य सजावट, लाइव संगीत और स्नेह भोज के बीच आयोजित इस समारोह में नीमच से अध्यक्ष युजवेंद्र सिंह भाटिया, सचिव अभिषेक शर्मा, कोषाध्यक्ष डॉ. अंतिमा भाटिया, मुकेश कालरा, समीर नागौरी एवं रवि सिंहल ने सहभागिता कर पुरस्कार ग्रहण किए।
क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि यह सामूहिक जीत सभी सदस्यों के समर्पण, वरिष्ठ सदस्यों के अनुभव तथा युवा साथियों की ऊर्जा से ही संभव हो पाई है। क्लब ने इस सम्मान के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर संस्कार कोठारी, दीप्ति कोठारी व डिस्ट्रिक्ट टीम 2026-27 के प्रति आभार प्रकट किया तथा सफल मेज़बानी के लिए रोटरी क्लब रतलाम सेंट्रल को शुभकामनाएं दीं।