📰 पूरी खबर:

 

*विवाद को लेकर ग्रामीणों ने आज गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर सीएमओ के नाम सौंपा ज्ञापन*

 *नगर परिषद अध्यक्ष बगड़ा ने दूर किया भ्रम, कहा— मौके पर निजी भूमि और सार्वजनिक प्याऊ दोनों अलग-अलग*

 *प्रभारी सीएमओ ओम प्रकाश शर्मा बोले— मामला संज्ञान में आया है, जनहित को देखते हुए निरस्त होगा आवेदन*

*सिंगोली ( निरंजन शर्मा)। नगर परिषद सिंगोली के पुराने कार्यालय के बाहर स्थित नगर की प्राचीन सार्वजनिक प्याऊ के नामांतरण को लेकर उपजे विवाद के बीच ग्रामीणों ने आज गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) के नाम ज्ञापन सौंपा। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश कुमार बगड़ा ने आगे आकर स्थिति को पूरी तरह साफ करते हुए किसी भी तरह के भ्रम पर विराम लगा दिया है। अध्यक्ष बगड़ा ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया है कि नगर की प्राचीन सार्वजनिक प्याऊ पूरी तरह सुरक्षित है और यह नामांतरण प्रकरण जमनेश नागोरी के निजी स्थान का लगाया गया है, न कि सार्वजनिक प्याऊ का।
*निजी स्थान और सार्वजनिक प्याऊ दोनों अलग-अलग : अध्यक्ष सुरेश कुमार बगड़ा*
प्रकरण की वास्तविकता स्पष्ट करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश कुमार बगड़ा ने बताया कि नामांतरण विज्ञप्ति में जिस भूमि का उल्लेख है, वह जमनेश नागोरी के निजी स्थान से संबंधित है। इसका सार्वजनिक प्याऊ की भूमि से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने स्थिति साफ करते हुए कहा कि मौके पर जमनेश नागोरी का निजी स्थान और आमजन की प्यास बुझाने वाली सार्वजनिक प्याऊ का स्थान दोनों पूर्णतः अलग-अलग हैं। ऐसे में सार्वजनिक प्याऊ के अस्तित्व या सार्वजनिक स्वरूप पर किसी भी प्रकार का कोई संकट नहीं है।
*ग्रामीणों ने आज कार्यालय पहुंचकर सीएमओ के नाम सौंपा ज्ञापन*
इससे पहले, नामांतरण विज्ञप्ति को लेकर उपजे विवाद के चलते नगरवासियों और ग्रामीणों ने आज नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर सीएमओ के नाम एक लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने दिनांक 5 नवंबर 2026 को जारी नामांतरण विज्ञप्ति के क्रमांक 35 पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि दशकों पुरानी सार्वजनिक प्याऊ पर 'साहित्य चिंतन मंच' के नाम से मृतक नामांतरण कराने का प्रयास हो रहा है, जिसमें मुख्य रूप से जमनेश नागोरी द्वारा दस्तावेजों में हेराफेरी की जा रही है,  ग्रामीणों ने पूर्व भूमि विक्रय मामलों से जुड़े माननीय न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए प्याऊ को पुनः विधिवत सार्वजनिक घोषित करने की मांग की और मांग पूरी न होने पर जन आंदोलन की चेतावनी दी।
*जनहित सर्वोच्च, निरस्त होगा आवेदन* 
 प्रभारी सीएमओ
ग्रामीणों द्वारा आज सौंपे गए ज्ञापन के बाद नगर परिषद के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) ओम प्रकाश शर्मा ने भी परिषद का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यह प्रकरण अभी उनके संज्ञान में आया है और नगर के सार्वजनिक हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उक्त नामांतरण के आवेदन को निरस्त कर दिया जाएगा।