📰 पूरी खबर:
उदयपुर। शहर की सूरजपोल थाना पुलिस ने हवाला के संदिग्ध लेन-देन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में गुजरात के मेहसाणा जिले के रहने वाले तीन व्यक्तियों को पकड़ा है। आरोपी नकदी को बनियान के अंदर और बैग में छिपाकर ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस को 500-500 रुपये के कुल 16 हजार नोट मिले।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी छवि शर्मा के सुपरविजन में सूरजपोल थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए तीनों संदिग्ध
18 नवंबर 2026 की रात्रि को सूरजपोल थाने की हॉक में तैनात कांस्टेबल शिवलाल को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में तीन संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम गठित कर बताए गए हुलिए के आधार पर तीनों को पकड़कर पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपियों ने हथियार होने से इनकार किया, लेकिन पूछताछ में उनके पास 80 लाख रुपये होने की बात सामने आई।
बनियान और बैग में छिपाए थे 80 लाख रुपये
पुलिस की तलाशी में हार्दिक कुमार प्रजापति के पास से बनियान में छिपाए 20 लाख और बैग से 20 लाख रुपये मिले। वहीं जयेश भाई प्रजापति की बनियान से 20 लाख रुपये तथा दिनेश भाई पटेल के बैग से 20 लाख रुपये बरामद हुए। इस तरह कुल 80 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई।
मेहसाणा जिले के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हार्दिक कुमार प्रजापति (34), जयेश भाई प्रजापति (44) और दिनेश भाई पटेल (59), निवासी जिला मेहसाणा, गुजरात के रूप में हुई है।
नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर सक्षम धाराओं में कार्रवाई करते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
कार्रवाई में थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक शिवदत्त सिंह, सहायक उपनिरीक्षक शीशराम एवं महेश, हेड कांस्टेबल गणेशलाल तथा कांस्टेबल हितेन्द्र सिंह, गणिराज सिंह, शिवलाल और शंकर शामिल रहे। कांस्टेबल शिवलाल और शंकर की विशेष भूमिका रही।