📰 पूरी खबर:
नीमच। माननीय मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार दिनांक 14 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत दिनांक 20 नवंबर 2026 को नवीन जिला न्यायालय परिसर, नीमच से विधिक जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच श्री वीरेंद्र सिंह राजपूत द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्री विशाल अखंड ने बताया कि उक्त बाइक रैली में पुलिस विभाग, अधिवक्तागण, न्यायालयीन कर्मचारीगण, पैरा लीगल वॉलंटियर्स, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, विधि विद्यार्थीगण तथा आम नागरिकों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई। रैली के माध्यम से आमजन को विधिक सेवाओं, निःशुल्क विधिक सहायता एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
उन्होंने बताया कि समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए न्याय तक समान एवं सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें निःशुल्क विधिक सहायता एवं विधिक सलाह, मध्यस्थता योजना, राष्ट्रीय लोक अदालत तथा पीड़ित प्रतिकर योजना प्रमुख हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को न्यायिक प्रक्रिया में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना तथा आपसी सहमति से विवादों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर उन्होंने आमजन से अपील की कि वे विधिक सेवाओं एवं निःशुल्क कानूनी सहायता से संबंधित योजनाओं का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करें, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
बाइक रैली में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री विजय सिंह कावछा, विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी एक्ट) श्री आलोक कुमार सक्सेना, जिला न्यायाधीश श्री जितेंद्र कुमार बाजोलिया, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री रवि कुमार बोरासी, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती शोभना मीणा, श्री विष्णु दुबे, सुश्री राजेश्वरी जर्मन तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री प्रवीण कुमार,लोक अभियोजक श्री चंचल कुमार बाहेती,प्रशासनिक अधिकारी जिला न्यायालय श्री निर्मल तेजराज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
बाइक रैली के सफल आयोजन एवं सुचारु यातायात व्यवस्था में थाना यातायात के थाना प्रभारी श्री मलखान सिंह एवं पुलिस जवानों का विशेष सहयोग रहा।