📰 पूरी खबर:

 

नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मनासा आगमन पर नगर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। मुख्यमंत्री के स्वागत-अभिनंदन के लिए बड़ी संख्या में नागरिक सड़कों पर उमड़े। नगर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। घरों की छतों और सड़क के दोनों ओर खड़े नागरिकों ने भी पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री का स्वागत भाटखेड़ी चौराहे से प्रारंभ हुआ। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए उनका काफिला कृषि उपज मंडी चौराहे पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक एवं स्वयंसेवी संगठनों तथा संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पुष्पमालाओं और पुष्पवर्षा के माध्यम से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं संगठनों द्वारा अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपे गए।नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर स्वागत-अभिनंदन में सहभागिता की।

इस अवसर पर सांसद श्री सुधीर गुप्ता,राज्यसभा सांसद श्री बंशीलाल गुर्जर, जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार एवं मनासा विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।