📰 पूरी खबर:

 

नीमच। भोपाल में आयोजित एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में नीमच हॉकी फीडर सेंटर के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबले करीब से देखने का विशेष अवसर मिला है। खिलाड़ी 19 से 22 नवंबर तक भोपाल में रहकर प्रतियोगिता के मुकाबलों का आनंद लेंगे।

इस अवसर पर जिला हॉकी संघ, नीमच द्वारा हॉकी ग्राउंड पर परिचय एवं शुभकामना कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाजसेवी संतोष चोपड़ा, अध्यक्ष राजेश जैन, उपाध्यक्ष उमा भटनागर एवं अक्षय पुरोहित, सचिव इम्तियाज खान, किशोर जवेरिया, किशोर दीवान एवं खिलाड़ियों के अभिभावकों ने उपस्थित होकर बच्चों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।

हॉकी फीडर सेंटर के प्रशिक्षक परवेज खान के मार्गदर्शन में प्रशिक्षक आमना एवं शैरिन द्वारा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

जिला हॉकी संघ, नीमच ने इस अवसर के लिए मध्यप्रदेश शासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन का हृदय से आभार व्यक्त किया। संघ ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबलों को प्रत्यक्ष देखने से बच्चों को नई तकनीक, खेल कौशल एवं अनुशासन सीखने की प्रेरणा मिलेगी और उनके खेल भविष्य को नई दिशा मिलेगी।