📰 पूरी खबर:

 

नीमच.श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में प्राचार्या डॉ. प्रतिभा कालानी के मार्गदर्शन में चार दिवसीय महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का शुभारंभ हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ हुआ। उत्सव के प्रथम दिवस छात्राओं में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

युवा उत्सव के प्रथम दिवस रंगोली, कोलाज, स्पॉट पेंटिंग, कार्टूनिंग, क्ले मॉडलिंग एवं पोस्टर मेकिंग जैसी विविध ललित कला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक कौशल एवं मौलिक विचारों के माध्यम से आकर्षक एवं प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। पूरे महाविद्यालय परिसर में उत्सवमय वातावरण बना रहा तथा प्रतिभागियों में विशेष उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना परिलक्षित हुई।

युवा उत्सव प्रभारी डॉ. रश्मि हरित एवं प्रो. नेहा इंगले ने बताया कि चार दिवसीय महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन साहित्यिक, सांस्कृतिक, ललित कला एवं अन्य विधाओं से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं की अंतर्निहित प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनकी सृजनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना तथा उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सांस्कृतिक चेतना एवं आत्मविश्वास का विकास करना है।

महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव के प्रथम दिवस की गतिविधियाँ वरिष्ठ प्राध्यापकगण डॉ. आर. के. पेंसिया, डॉ. अलकेश जायसवाल, डॉ. गिरिराज शर्मा, डॉ. बीना चौधरी, डॉ. रश्मि वर्मा, डॉ. पी. सी. रांका, डॉ. देवेश सागर, डॉ. हिना हरित, प्रो. निशा जटिया, प्रो. ज्योति वर्मा एवं समस्त महाविद्यालय परिवार के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।

प्रथम दिवस की प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राएँ हैं - 

रंगोली में प्रथम स्थान  कुमारी अजलीना मंसूरी (बी ए  द्वितीय वर्ष), द्वितीय स्थान कुमारी संजना सुनिया (एम ए तृतीय सेमेस्टर), तृतीय स्थान कुमारी डॉली सालवी (बीकॉम प्रथम वर्ष) ने प्राप्त किया ।  कोलाज निर्माण में प्रथम स्थान  बी ए तृतीय वर्ष की छात्रा लकी पारवानी एवं द्वितीय स्थान एम ए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा कुमारी कोमल मेहडा को प्राप्त हुआ । स्पॉट पेंटिंगविधा में प्रथम स्थान बीए तृतीय वर्ष की छात्रा कुमारी वैभवी कछावा ने हासिल किया जबकि  द्वितीय स्थान पर बी ए द्वितीय वर्ष की छात्रा अजलीना मंसूरी एवं तृतीय स्थान बीए तृतीय वर्ष की छात्रा लकी पारवानी ने हासिल किया। 

 पोस्टर निर्माण  विधा में प्रथम स्थान बी ए द्वितीय वर्ष की छात्रा कुमारी अजलीना मंसूरी,  द्वितीय स्थान एम ए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा कुमारी कोमल मेहडा एवं तृतीय स्थान बीए प्रथम  की छात्रा कुमारी रानू मेहडा ने हासिल किया।

महाविद्यालय में दिनांक 16 नवंबर को  संगीत, नृत्य एवं गायन संबंधी विभिन्न विधाओं का आयोजन किया जाएगा।   

प्राचार्या डॉ. प्रतिभा कालानी ने सभी प्रतिभागी छात्राओं के उत्साह, रचनात्मकता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में भी अधिकाधिक सहभागिता करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि युवा उत्सव छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।