📰 पूरी खबर:

 

नीमच.नीमच-मंदसौर संसदीय क्षेत्र में विकास के बड़े दावों के बीच अधूरी पड़ी योजनाओं और निर्माण कार्यों में हो रही भारी अनियमितताओं को लेकर नीमच के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक डॉ. संपत स्वरूप जाजू ने जनहित में मोर्चा खोल दिया है। हाल ही में सांसद सुधीर गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई 'दिशा'  समिति की बैठकों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. जाजू ने प्रशासनिक तंत्र की सुस्ती पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि केवल बैठकों में रस्मी निर्देश देने और स्वीकृतियों का श्रेय लेने से क्षेत्र का भला नहीं होगा, जनता को अब धरातल पर काम का परिणाम चाहिए।

डॉ. जाजू ने सांसद द्वारा वर्ष 2014 के बाद हुए निर्माण कार्यों के सूचना बोर्ड लगाने और समय-सीमा तय करने के निर्देशों का स्वागत करते हुए एक बेहद तीखा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से हर दिशा बैठक में यही निर्देश दोहराए जाते हैं, लेकिन  अधिकारी उन्हें गंभीरता से नहीं लेते। डॉ. जाजू ने मांग की है कि सांसद महोदय जनता को यह बताएं कि बीते 10 वर्षों में आदेशों की अवहेलना करने वाले और घटिया निर्माण कराने वाले कितने अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई की गई है?
पूर्व विधायक डॉ. जाजू ने खोली अधूरी योजनाओं की पोल:
 *शिक्षा के मंदिरों में घटिया निर्माण*
 गांवों से लेकर शहरों तक स्कूल भवनों की हालत खस्ता है। विडंबना यह है कि करोड़ों की लागत से बने नए 'सांदीपनि' (सीएम राइज) स्कूल भवनों में भी घटिया निर्माण की शिकायतें सामने आ रही हैं। डॉ. जाजू ने मांग की है कि विगत 10 वर्षों में उच्च और स्कूली शिक्षा में स्वीकृत कार्यों का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए।
• *रेल समिति अध्यक्ष के क्षेत्र में ही रेल परियोजनाएं सुस्त*
स्वयं सांसद महोदय रेल मंत्रालय की संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं, फिर भी नीमच-बड़ी सादड़ी, नीमच-कोटा, नीमच-नंदुरबार, मंदसौर-सुवासरा और मंदसौर-प्रतापगढ़ जैसी अहम रेल परियोजनाएं व अमृत भारत स्टेशन के कार्य कछुआ चाल से चल रहे हैं। अंडरब्रिज में जलभराव और ओवरब्रिज की लंबित स्वीकृतियों से आमजन त्रस्त है।
 *खूनी बने 'ब्लैक स्पॉट', राजमार्ग भी अधूरे* नयागांव-लेबड़ स्टेट हाईवे पर चिह्नित 'ब्लैक स्पॉट' एक दशक बाद भी दुरुस्त नहीं हो पाए हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। साथ ही बांसवाड़ा-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग, नीमच बायपास (हिंगोरिया-जयसिंहपुरा-बघाना) और नीमच-चिताखेड़ा-जीरन-मल्हारगढ़ मार्ग वर्षों से अधूरे पड़े हैं।
 *स्वास्थ्य, पानी और हवाई सेवा के सपने अधूरे* नीमच में भवन के अभाव में नर्सिंग कॉलेज शुरू नहीं हो पाया है और मेडिकल कॉलेज के अस्पताल का काम अटका है। 'जल जीवन मिशन' के अव्यवस्थित कार्यों से ग्रामीण परेशान हैं। वहीं, मुख्यमंत्री की घोषणाओं के बावजूद 'उड़ान' हवाई सेवा और केंद्र का 'बायोटेक्निकल पार्क' आज भी शैशव अवस्था में ही दम तोड़ रहे हैं।
*जनता को स्पष्ट 'डेडलाइन' बताएं सांसद*
डॉ. जाजू ने कहा कि 'ट्रिपल इंजन' की सरकार होने के बावजूद यदि वर्षों पूर्व स्वीकृत योजनाओं का लाभ आमजन को नहीं मिल रहा है, तो यह सीधे तौर पर नेतृत्व और प्रशासन की विफलता है। उन्होंने सांसद सुधीर गुप्ता से क्षेत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनता को स्पष्ट समय-सीमा (डेडलाइन) बताने की मांग की है कि ये सभी लंबित परियोजनाएं आखिर कब तक पूरी होंगी।