📰 पूरी खबर:

भारतीय सेना में सेवाएं देने के बाद डॉ. (मेजर) राहुल शर्मा ने शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं जिला चिकित्सालय, नीमच के सर्जरी विभाग में सर्जन के रूप में कार्यभार ग्रहण किया

 

नीमच। नीमच के लिए यह हर्ष और गौरव का विषय है कि भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देने के बाद क्षेत्र के चिकित्सक डॉ. (मेजर) राहुल शर्मा अब अपने गृहक्षेत्र नीमच में चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगे। उन्होंने शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं जिला चिकित्सालय, नीमच के सर्जरी विभाग में सर्जन के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है।

डॉ. राहुल शर्मा ने अपने चिकित्सा करियर की शुरुआत भारतीय नौसेना (Indian Navy) में कमीशन प्राप्त करने के साथ की थी। उन्होंने विशाखापत्तनम स्थित नौसेना चिकित्सालय में अपनी सेवाएं दीं। इसके पश्चात भारतीय सेना में विभिन्न स्थानों पर सैन्य चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए देश के जवानों एवं उनके परिवारों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। सेना में अपनी सेवाओं के दौरान उन्होंने अनुशासन, समर्पण और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने का महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किया।

सैन्य सेवा के साथ-साथ उन्होंने अपनी उच्च चिकित्सा शिक्षा भी जारी रखी तथा कमांड हॉस्पिटल, वेस्टर्न कमांड, चंडीमंदिर से जनरल सर्जरी में एमएस (MS General Surgery) की उपाधि प्राप्त की। उन्हें जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी, लेजर प्रोक्टोलॉजी तथा एंडोस्कोपी के क्षेत्र में विशेष प्रशिक्षण एवं अनुभव प्राप्त है।

अब अपनी सैन्य सेवाओं और उच्च चिकित्सा शिक्षा के अनुभव के साथ डॉ. राहुल शर्मा अपने गृहक्षेत्र नीमच लौटे हैं। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं जिला चिकित्सालय, नीमच में उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के मरीजों को बेहतर शल्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

डॉ. राहुल शर्मा का कहना है कि अपने ही क्षेत्र में चिकित्सा सेवा देने का अवसर उनके लिए विशेष महत्व रखता है। उनका प्रयास रहेगा कि जरूरतमंद मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समर्पित चिकित्सा सेवाएं मिलें। विशेष रूप से सर्जरी, दूरबीन पद्धति से ऑपरेशन, प्रोक्टोलॉजी तथा आधुनिक शल्य चिकित्सा सुविधाओं के विकास में योगदान देना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

देश की सेवा के बाद अब अपने ही क्षेत्र के लोगों की सेवा करने का अवसर उनके लिए गर्व और संतोष का विषय है। उनका उद्देश्य केवल चिकित्सा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि नीमच एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाना है।