📰 पूरी खबर:
नीमच.चैतन्य दीपराज, सर्वशक्तिवान, ज्योर्तिमय स्वरूप, परमपिता परमात्मा शिवबाबा द्वारा वर्तमान समय विश्व परिवर्तन के संधिकाल में चैतन्य आत्माओं में राजयोग एवं सत्य गीता ज्ञान की अलख जगाकर, सतयुगी स्वर्णिम दुनिया की स्थापना की जा रही है.. जिसमें विश्व महाराजन श्री लक्ष्मी-नारायण की ताजपोशी का अलौकिक पर्व दीपावली मनाया जा रहा है ।’’ उक्त विचार राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने दीपावली पर्व पर प्रात: कालीन सत्र में आयोजित ब्रह्माकुमारीज़, पावन धाम के विशाल सभागार में उपस्थित सैंकड़ों ब्रह्मावत्सों को संबोधित करते हुए व्यक्त किये ।
विधायक दिलीपसिंह परिहार ने भी कार्यक्रम के प्रात:कालीन सत्र में सम्मिलित होकर ब्रह्माकुमारी संस्थान के आध्यात्मिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि - ‘‘शांति की सुखद अनुभूति यहाँ ही हो सकती है । ये ब्रह्माकुमारी बहनें अपनी त्याग तपस्या से सबको सुख का रास्ता बताती हैं । इस अवसर पर विधायक परिहार ने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा नीमच बायपास पर निर्मित हो रहे एक लाख वर्गफीट से अधिक के ‘शिव मानसरोवर’ परिसर के पास से होकर गुजर रही कच्ची गिट्टी रोड को सीसी रोड बनाने की मंजूरी व बजट प्राप्त हो जाने की खुशखबरी सुनाकर सभी की वाह वाही.. बटोरी । उन्होंने बताया कि जल्दी ही सीसी रोड का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जावेगा । इस हेतु ब्रह्माकुमारी संस्थान के एरिया प्रभारी बी.के.सुरेन्द्र भाई ने विधायक का हार्दिक धन्यवाद दिया ।
ब्रह्माकुमारीज़ के नीमच उपक्षेत्रिय केन्द्र से सम्बन्धित नीमच, मनासा, रामपुरा, जावद, जीरन, मल्हारगढ़, पिपलिया मण्डी, नारायणगढ़ आदि ब्रह्माकुमारी सेवाकेन्द्रों पर अमृतवेला 3.30 बजे से ही दीपावली पर्व का प्रारंभ हुआ तथा प्रात:कालीन सत्र में ही सभी स्थानों पर दीपावली के विशाल कार्यक्रम सम्पन्न हुए । विशेषकर नीमच में सभी सैंकड़ों ब्रह्मावत्सों ने दीप प्रज्जवलित किये व श्री लक्ष्मी-नारायण की सुंदर झांकी के सम्मुख ध्वनि प्रदुषण मुक्त दीपावली मनाने का संकल्प धारण किया तथा केवल फुलझड़ी तथा अनार चलाकर ही विधायक सहित सभी ने दीपावली मनाई ।
ब्रह्माकुमारी सविता दीदी, ब्रह्माकुमारी दिव्या दीदी ने चैतन्य महादीप परमात्मा शिव को महाभोग स्वीकार करवाया तथा कार्यक्रम का संचालन राजयोगिनी बी.के.श्रुति दीदी ने किया, इस सु-अवसर पर संपूर्ण ज्ञानसागर परिसर की भव्य साज-सज्जा की गई थी । कार्यक्रम के अंत में नीमच सबझोन निदेशक बी.के.सुरेन्द्र भाई ने सभी का आभार प्रदर्शन किया तथा बड़ी संख्या में उपस्थित ब्रह्मावत्सों को महाप्रसादी वितरित की गई ।