📰 पूरी खबर:

 
(अज़ीज़ आदिल, नीमच)
 
मौलाना अब्दुल कलाम आजाद भारत के महान स्वतंत्रता संग्राम सैनानी, विद्वान, पत्रकार और शिक्षाविद् थे। उनका जन्म 11 नवम्बर 1888 को मक्का सऊदी अरब में हुआ था। उनके पिता का नाम मौलाना खैरुद्दीन (जन्म 1831 दिल्ली) और माता का नाम आलिया बेगम था।
आपका लड़कपन पवित्र शहर मक्का में गुजरा। वहीं पर आपने वहाँ के ख्यातनाम उलेमा विद्वानों से धार्मिक शिक्षा के साथ, इतिहास, दर्शन, अरबी, फारसी, उर्दू और अन्य भाषाओं का ज्ञान प्राप्त कर लिया था। आप बहुत बुद्धिमान और पढ़ने लिखने में रुचि रखने वाले व्यक्ति थे।
पत्रकारिता एवं साहित्य :-
मौलाना आजाद ने देश में जागरूकता फैलाने के लिए पत्रकारिता शुरू की। उन्होंने 1912 में "अल-हिलाल" और 1914 में "अल-बिलाग" नामक समाचार पत्र निकाले। इसके माध्यम से उन्होंने अंग्रेज शासन की जन. विरोधी नीतियों का जमकर विरोध किया। जिससे चिढ़कर अंग्रेज शासन ने समाचार पत्र पर बैन लगाकर प्रेस जब्त कर ली। पत्रकारिता के जरिये आपने लोगों में देशप्रेम और स्वतंत्रता की भावना जगाई। उन्होंने कई पुस्तकें भी लिखीं। जिनमें कुरान की टीका तर्जुमानुल-कुरान, देश की आजादी के संघर्ष एवं घटनाओं का लेखा-जोखा "इण्डिया विन्स फ्रीडम (आपबीती) और किला अहमदनगर जेल से अपने दोस्त के नाम लिखे पत्रों का संग्रह. "गुबारे-खातिर", "तजकिरा" और "कारवाने ख्याल" उल्लेखनीय पुस्तकें हैं।
स्वतंत्रता आन्दोलन में योगदान :-
मौलाना आजाद ने महात्मा गांधी के साथ मिलकर स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया। वे कई बार जेल गए। वे 1923 में भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस के सबसे युवा अध्यक्ष बने। इसके बाद 1940 से 1946 तक आजादी के निर्णायक दौर में भी वे इसी पद पर बने रहे। वे दो कौमी नजरिये के सख्त विरोधी थे। देश को बांटने की अंग्रेजों की कुटिल चाल को समझकर इसका जमकर विरोध करते रहे। फिर भी देश के विभाजन को नहीं रोका जा सका। उन्होंने हिन्दू-मुस्लिम एकता और देश की आजादी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शिक्षा के क्षेत्र में योगदान :-
आजादी के बाद भारत के पहले शिक्षामंत्री बने। उन्होंने देश में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनके प्रयासों से IIT, UGC, AICTE, IISc जैसी शीर्ष संस्थाओं का विकास हुआ। वे चाहते थे कि देश के हर बच्चे को शिक्षा मिले।
देश के प्रति विचार.
मौलाना आजाद हिन्दू-मुस्लिम एकता और राष्ट्रीय एकता के समर्थक थे। उनका मानना था कि शिक्षा ही देश की एकता, तरक्की और विकास का आधार है। वे भारत को एक मजबूत, शिक्षित और विकसित राष्ट्र बनाना चाहते थे।
निधन एवं सम्मान :-
मौलाना अब्दुल कलाम आजाद का निधन 22 फरवरी 1958 को दिल्ली में हुआ। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए उनके जन्मदिन 11 नवम्बर को "राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में मनाया जाता है।
निष्कर्ष :-
मौलाना अब्दुल कलाम आजाद एक महान देशप्रेमी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, विद्वान और शिक्षाविद् थे। उनका जीवन हमें देशप्रेम, एकता और शिक्षा का महत्व सिखाता है। भारत के इतिहास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।