📰 पूरी खबर:
उदयपुर। साइबर ठगों ने उदयपुर में 86 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 79 वर्षीय पत्नी को तीन दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 42 लाख 10 हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने खुद को पुलिस और जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर दंपती को पाकिस्तान के आतंकियों को पैसे भेजने और पुलवामा हमले में फंसाने की धमकी दी।
यूनिवर्सिटी रोड स्थित अक्षांश कॉम्प्लेक्स में रहने वाले हिंदुस्तान जिंक के रिटायर्ड अधिकारी भंवरलाल चित्तौड़ा और उनकी पत्नी को 2 नवंबर को वीडियो कॉल आया था। ठग तीन दिन तक वीडियो कॉल पर निगरानी करते रहे। दंपती को खाना खाने, सोने और बाथरूम जाने तक की अनुमति लेनी पड़ रही थी। डराकर उनसे आरटीजीएस के जरिए 42.10 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।ठग दूसरी 50 लाख रुपये की एफडी तुड़वाने की तैयारी में थे, तभी दामाद को भनक लग गई। उनकी सूझबूझ से दूसरी बड़ी ठगी बच गई।
वहीं, उदयपुर में तीन अन्य लोगों से भी फर्जी कूरियर, कस्टम अधिकारी और क्यूआर कोड के जरिए करीब 42.4 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले सामने आए हैं।