📰 पूरी खबर:
नीमच। श्री सीतराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय स्टॉफ एवं छात्राओं द्वारा परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। महाविद्यालय के रेड रिबन क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में नशा मुक्ति, एचआईवी जागरूकता तथा स्वच्छता को लेकर छात्राओं को जागरूक किया गया। अभियान में एनएसएस की स्वयंसेवक छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में महाविद्यालय की अन्य छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी, श्री पलाश माने, डॉ. अलकेश जायसवाल तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. निशा जटिया ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान श्री पलाश माने ने छात्राओं को नशा मुक्ति एवं एचआईवी संक्रमण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों, युवाओं के जीवन पर इसके पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव तथा नशे से दूर रहने के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। साथ ही एचआईवी के प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और सही जानकारी के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों तथा एचआईवी से बचाव के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। छात्राओं एवं महाविद्यालय स्टॉफ ने परिसर के विभिन्न स्थानों पर सफाई करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के दौरान परिसर में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। छात्राओं ने स्वयं श्रमदान करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर महाविद्यालय परिसर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाई।
महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करने में इस प्रकार के अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से छात्राओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने तथा उन्हें जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छता अभियान में महाविद्यालय के समस्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इसके साथ ही प्रो. रश्मिं हरित श्री महेन्द्र राव, डॉ. अविनाश बिहारिया, श्री गुणवंत पाटीदार, श्रीमती कुसुम नागदा, श्रीमती संगिता शर्मा, सुश्री माधुरी सोनी एवं सुश्री जुली भरंग सहित एनएसएस के स्वयंसेवकों ने भी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। बड़ी संख्या में छात्राओं ने स्वच्छता अभियान में श्रमदान कर यह संदेश दिया कि स्वच्छ परिसर के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। वहीं नशा मुक्ति एवं एचआईवी जागरूकता अभियान के माध्यम से छात्राओं को स्वास्थ्य एवं सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने अभियान की सराहना करते हुए छात्राओं एवं स्टॉफ की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और सेवा की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें व्यवहार में उतारने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. निशा जटिया ने अभियान के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, प्राध्यापकों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही सामाजिक जागरूकता के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्वच्छता, नशा मुक्ति, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करना रहा, जिसे सभी के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।