📰 पूरी खबर:

नीमच। जिले में औद्योगिक विकास और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सगराना में नया लघु औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इस संबंध में नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार की अध्यक्षता में लघु उद्योग निगम इंदौर के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विधायक परिहार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने बताया कि सगराना में लघु उद्योगों की स्थापना के लिए विधिवत कार्ययोजना प्रचलन में है और जल्द ही जमीनी स्तर पर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

**बुनियादी सुविधाओं के साथ विकसित होंगे 118 प्लॉट**
बैठक के दौरान लघु उद्योग निगम, इंदौर के अधिकारी श्री दशरथ नेघवाल ने कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक चरण में क्षेत्र को सभी बुनियादी सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसमें गुणवत्तापूर्ण सीसी रोड, सुगम पेयजल व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण शामिल है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद फेस 1 में लगभग 119 औद्योगिक प्लॉटों का आवंटन किया जाएगा।

इस अवसर पर लघु उद्योग निगम के अधिकारी शशांक रुद्रवाल तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र नीमच से प्रिंस रघुवंशी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।