📰 पूरी खबर:

 

नीमच। महान हॉकी खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को जिला हॉकी संघ द्वारा सांदीपनि विद्यालय के  ग्राउंड पर  हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हॉकी प्रतियोगिता के साथ खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन एवं मेहनत की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खेल महासंघ के अध्यक्ष किशोर जी जेवरिया रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य श्री महेश शर्मा ने की। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अतिथियों एवं खिलाड़ियों द्वारा मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर  हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।

खेल दिवस के अवसर पर जिला हॉकी संघ द्वारा नीमच अंडर-17 एवं मंदसौर अंडर-17 टीमों के बीच मैत्रीपूर्ण हॉकी मैच का आयोजन किया गया। रोमांचक मुकाबले में नीमच की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मंदसौर को 2-0 से पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया। खिलाड़ियों ने पूरे मैच के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्षता कर रहे सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य श्री महेश शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से हमेशा खेल भावना के साथ मैदान में उतरने तथा निरंतर मेहनत एवं अनुशासन को अपनी सफलता का आधार बनाने का आह्वान किया।

जिला हॉकी संघ के सचिव इम्तियाज खान ने अपने उद्बोधन में महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जीवन, संघर्ष और हॉकी के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष राजेश जैन ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन जिला हॉकी संघ के सचिव इम्तियाज खान ने किया, जबकि आभार जिला हॉकी संघ के उपाध्यक्ष डॉ. अक्षय पुरोहित ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष राजेश जैन, उपाध्यक्ष डॉ. अक्षय पुरोहित, सचिव इम्तियाज खान, कोषाध्यक्ष बाबूराम छेत्री, हॉकी प्रशिक्षक परवेज खान एवं प्रियंका  जोहरी, अवधेश प्रजापत , सौरव प्रजापति सहित हॉकी संघ के पदाधिकारी, सदस्य, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में हॉकी खिलाड़ी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से जिला हॉकी संघ ने मेजर ध्यानचंद के आदर्शों को स्मरण करते हुए युवाओं को खेलों से जुड़ने, नियमित अभ्यास एवं  खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया