📰 पूरी खबर:
उदयपुर. ईद मीलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज की ओर से पिछले 12 दिनों से शहर के विभिन्न मोहल्लों में अनेक धार्मिक आयोजन किए गए जिसमें जश्न, जलसे, मस्जिदों में मिलादे-पाक, घरों में फातिहा-ख्वानी का आयोजन किया गया तथा एक-दूसरे के घरों में तबर्रूक के तोहफे भेजकर और गले मिलकर ईद मीलादुन्नबी की मुबारकबाद पेश की गई।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जुलूसे मोहम्मदी तय कार्यक्रम के अनुसार बाद नमाजे जौहर अंजुमन चौक से रवाना हुआ। जुलूस सिंधी बाजार, बड़ा बाजार, घंटाघर, , हरवेन्जी का खुर्रा, हाथीपोल, सिलावटवाड़ी, जाटवाड़ी, नई पुलिया, अम्बावगढ़ कच्ची बस्ती, आयुर्वेदिक कॉलेज चौराहा होते हुए चरक छात्रावास के कोने से रजा कॉलोनी बड़ी मस्जिद, मुल्लातलाई चौराहा होते हुए ब्रह्मपोल स्थित हजरत इमरत रसूल शाह बाबा रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पर पहुंचा।
बॉक्स :
शहर के खेमपुरा क्षेत्र में बुधवार को मिलादुन्नबी जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जुलूस में आतिशबाजी के दौरान पटाखा फटने से एक युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान ट्रांसपोर्ट नगर निवासी सलमान पुत्र अनवर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जुलूस के दौरान सलमान आतिशबाजी कर रहा था। इसी दौरान पटाखा फटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।