📰 पूरी खबर:
उदयपुर.फतेहसागर झील पर आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने मुंबईया मार्केट के सामने झील में छलांग लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। युवती को झील में कूदते देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, एडवोकेट दीनबंधु आसिया अपने मित्र UIT तहसीलदार रंजीत सिंह के साथ फतेहसागर घूमने आए थे। इसी दौरान उन्होंने युवती को झील में छलांग लगाते देखा। बिना देर किए एडवोकेट दीनबंधु आसिया युवती की जान बचाने के लिए पानी में कूद गए, जबकि उनके मित्र रंजीत सिंह बाहर रहकर मदद और रेस्क्यू में सहयोग करते रहे।
युवती को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास करीब 30 मिनट तक चला। इस दौरान युवती बार-बार खुद को छुड़ाने की कोशिश करती रही, जिससे रेस्क्यू काफी चुनौतीपूर्ण हो गया। करीब 20 मिनट बाद मोहम्मद अझैरुद्दीन, निवासी चमनपुरा, नामक युवक भी युवती की जान बचाने के लिए पानी में उतर गया और उसने भी रेस्क्यू में मदद की।
मौके पर मौजूद लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। एडवोकेट दीनबंधु आसिया और मोहम्मद अझैरुद्दीन के लगातार प्रयासों तथा आमजन के सहयोग से आखिरकार युवती को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बचाई गई युवती की पहचान डिम्पल जैन, पिता तख्तमल जैन, निवासी ऑर्बिट कॉम्प्लेक्स, न्यू भोपालपुरा, उदयपुर के रूप में हुई है। युवती ने आत्महत्या का प्रयास करने के पीछे पारिवारिक कारण बताया।
करीब आधे घंटे तक चले इस रेस्क्यू के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थमी रहीं। आखिरकार युवती की जान बचने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। इस पूरे घटनाक्रम में अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में उतरकर युवती को बचाने वाले एडवोकेट दीनबंधु आसिया और मोहम्मद अझैरुद्दीन के साहस की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।