📰 पूरी खबर:
मनासा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी नीमच के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा के नेतृत्व में बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रभावशाली विरोध प्रदर्शन एवं रैली आयोजित की गई। प्रदर्शन में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने शामिल होकर महंगाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने हाथ ठेले पर गैस टंकी एवं चूल्हे को माला पहनाकर तथा ‘फीकी चाय की दुकान’ का बैनर लगाकर मुख्य बाजार से रैली निकाली।
रैली के दौरान दुकानदारों एवं आमजन को बिना शक्कर की फीकी चाय पिलाकर शक्कर की लगातार बढ़ती कीमतों पर अनूठे अंदाज में विरोध दर्ज कराया गया। वहीं कार्यकर्ताओं ने आमजन के हाथों में चुटकी भर शक्कर के दाने देते हुए “इतनी ही मिठास बची है” का नारा लगाकर सरकार की महंगाई नीति पर तीखा व्यंग्य किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। शक्कर, खाद्य तेल, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, बिजली सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आमजन परेशान है। सरकार को जनता की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देते हुए महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने के ठोस कदम उठाने चाहिए।
इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा और जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, शहर कांग्रेस कमेटी सहित मंडलम कांग्रेस कमेटी, पंचायत कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, NSUI, किसान कांग्रेस एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी-कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
— ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा
विधानसभा क्षेत्र मनासा, जिला नीमच (म.प्र.)