📰 पूरी खबर:


रायपुर। जिले के आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बनचरौदा के पास महानदी किनारे मिले शिक्षक के शव के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, पैसों के लेन-देन और ब्याज को लेकर हुए विवाद में शासकीय शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर (46) की हत्या की गई। मामले में पुलिस ने मृतक के साथ ही स्कूल में पदस्थ शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया है। 17 सितंबर को बनचरौदा के पास महानदी तट पर एक अज्ञात शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। जांच में मृतक की पहचान रामपुर डंगनिया, चंपारण निवासी शिवकुमार चंद्राकर के रूप में हुई। वह ग्राम कुम्हारी स्थित शासकीय स्कूल में शिक्षक थे। घटनास्थल के पास से उनकी मोटरसाइकिल भी बरामद की गई थी। पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर ग्रामीण एएसपी अभिषेक कुमार झा, सीएसपी लंबोदर पटेल और आरंग थाना प्रभारी नरेश कुमार साहू की टीम ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान स्थानीय ग्रामीणों और चरवाहों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन शिवकुमार को आखिरी बार चंद्रप्रकाश वर्मा की सफेद स्कूटी पर जाते देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने कुम्हारी स्कूल के सीसीटीवी फुटेज और शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच की। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर सुबह करीब 9:35 बजे चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा। इसके बाद निजी काम का हवाला देकर वह बाहर चला गया और मोबाइल की लोकेशन बंद कर दी। दोपहर करीब 12:50 बजे वापस स्कूल पहुंचने के बाद उसने अपने फोन से लॉग-इन करने के बजाय दूसरे शिक्षक के मोबाइल से उपस्थिति दर्ज कराई। पुलिस का दावा है कि ऐप की लॉग रिपोर्ट से इस संबंध में अहम जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर चंद्रप्रकाश ने हत्या की बात स्वीकार की। पूछताछ में सामने आया कि दोनों शिक्षक पिछले करीब चार वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और रेत, रियल एस्टेट तथा बुलियन मार्केट में निवेश से जुड़े लेन-देन करते थे। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपये उधार दिए थे। इसके बदले मृतक ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे। आरोप है कि पिछले करीब तीन महीनों से ब्याज का भुगतान नहीं होने के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की सुबह दोनों कुम्हारी स्कूल के पास मिले और बातचीत के दौरान विवाद हो गया। इसके बाद वे बनचरौदा के सुनसान इलाके तक पहुंचे। पुलिस का आरोप है कि वहां आरोपी ने पहले से स्कूटी में रखे धारदार हथियार और हथौड़े से शिवकुमार पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सफेद स्कूटी, हथियार, हथौड़ा, मृतक के तीन ब्लैंक चेक, पर्स, दोनों मोबाइल फोन और आरोपी के खून लगे कपड़े, जूते व मोजे सहित अन्य सामान जब्त किया है। आरंग पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा के खिलाफ अपराध क्रमांक 443/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।