📰 पूरी खबर:

 

मांगों को लेकर अग्रसेन चौराहे पर प्रदर्शन, 26 अक्टूबर को दिल्ली में एक दिवसीय धरना, मांगें नहीं मानी तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

नीमच। देशभर के LPG वितरकों की विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन का असर अब नीमच में भी दिखाई दिया। सोमवार शाम अग्रसेन चौराहे पर LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन की जिला शाखा मंदसौर-नीमच के पदाधिकारियों एवं वितरकों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर प्रदर्शन किया।

एसोसिएशन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, देश की तीनों प्रमुख तेल कंपनियों IOCL, BPCL और HPCL से जुड़े करीब 26 हजार वितरक अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। एसोसिएशन का कहना है कि 5 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर कैंडल मार्च तथा 6 अक्टूबर को नो मनी, नो इंडेंट के तहत किसी भी वितरक द्वारा कंपनी के खाते में पैसा जमा नहीं कराया जाएगा और न ही इंडेंट किया जाएगा।

एसोसिएशन ने 26 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसके बाद भी यदि प्रमुख मांगों का समाधान नहीं हुआ तो देशभर के LPG वितरकों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई है।

वितरकों की प्रमुख मांगों में होम डिलीवरी एवं प्रशासनिक शुल्क (कमीशन) में तत्काल वृद्धि कर ₹75 करने, उपभोक्ताओं से अवैध तरीके से पीएनजी लेने की अनिवार्य शर्तों को हटाने तथा प्रत्येक ई-केवाईसी के लिए ₹236 का भुगतान करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं। साथ ही वितरकों ने जबरन चूल्हा, रेग्युलेटर, ट्यूब, फायरवाल, ट्रॉली, चाय पट्टी एवं अन्य उत्पाद बेचने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग भी उठाई है।

प्रदर्शन के दौरान जुल्फिकार अली बारूदवाला, श्याम नरेडी, यश बंसल, संतोष झंवर, सुरेश मोड़ी, पंकज नागौरी, प्रकाश भेरुनाथ गैस एजेंसी, रमेश पटेल, चीताखेड़ा इंडेन, राधेश्याम शर्मा गिरदौड़ा इंडेन सहित अन्य वितरक उपस्थित रहे।

प्रदर्शन के पश्चात श्याम नरेडी, श्याम गैस द्वारा सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया।