📰 पूरी खबर:

नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश शासन आयुष विभाग, जिला नीमच द्वारा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच में योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किया गया। शिविर में करीब 700 विद्यार्थियों एवं 40 विद्यालय स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता की। सत्र में विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अष्टांग योग के आठ अंग—यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान एवं समाधि—से अवगत कराया गया। साथ ही नियमित योगाभ्यास से एकाग्रता, आत्मनियंत्रण, मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक सोच विकसित होने की जानकारी दी गई।आयुर्वेद के सिद्धांत “स्वस्थस्य स्वास्थ्यरक्षणं, आतुरस्य विकारप्रशमनं च” के संदर्भ में स्वस्थ जीवनशैली में योग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया और विद्यार्थियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशीष बोरना, डॉ. राहुल जायसवाल, श्री हरिश दास बैरागी, श्री विनीत सोनी, श्री आनंद शर्मा, विद्यालय के प्राचार्य श्री अरविन्द कुमार शर्मा सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।